रुद्रपुर: धार्मिक आयोजनों को जनकल्याण से जोड़ते हुए बांके बिहारी समिति ने एक सराहनीय पहल की है। समिति द्वारा आयोजित भजन-कीर्तन कार्यक्रमों में श्रद्धालुओं से प्राप्त होने वाली धनराशि अब आर्थिक रूप से कमजोर एवं असहाय कन्याओं के विवाह में सहयोग के लिए समर्पित की जाएगी।
समिति का मानना है कि धर्म का वास्तविक उद्देश्य केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की सहायता करना भी है। इसी सोच के साथ समिति ने यह निर्णय लिया है कि कीर्तन के माध्यम से प्राप्त सहयोग राशि का उपयोग समाज के उन परिवारों के लिए किया जाएगा, जो अपनी बेटियों के विवाह का खर्च उठाने में असमर्थ हैं।
इस जनसेवा अभियान में पूर्व मेयर सीमा अरोड़ा, शहर विधायक शिव अरोड़ा की पत्नी होने के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उनके साथ मीना शर्मा, समिति की महामंत्री प्रीत, नेहा शर्मा और पुष्पा देवी सहित अन्य सदस्य पूरे समर्पण के साथ इस अभियान को आगे बढ़ा रही हैं।
स्थानीय नागरिकों ने समिति की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे धार्मिक आस्था और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण बताया है। लोगों का कहना है कि यदि इसी प्रकार धार्मिक आयोजनों से प्राप्त सहयोग राशि का उपयोग जरूरतमंदों के हित में किया जाए, तो समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा और मजबूत होगी।


