Hindi Express News
  • July 15, 2026
  • Last Update July 14, 2026 10:20 PM
  • Lucknow

लोनी को मिली विकास की नई रफ्तार, पांच करोड़ की योजनाओं से बदलेगा देहात से शहर तक का स्वरूप

लोनी को मिली विकास की नई रफ्तार, पांच करोड़ की योजनाओं से बदलेगा देहात से शहर तक का स्वरूप

गाजियाबाद: लोनी विधानसभा क्षेत्र में रविवार को विकास कार्यों की एक नई श्रृंखला की शुरुआत हुई। गाजियाबाद सांसद अतुल गर्ग और लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से होने वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास कर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष चौ. चैनपाल सिंह ने की।

इन परियोजनाओं के अंतर्गत गनौली से घिटोरा होते हुए खड़खड़ी तक नवनिर्मित सड़क, ग्राम शकलपुरा में आंतरिक मार्गों का निर्माण, नगरपालिका क्षेत्र के खुशहाल पार्क–नंदा कॉलोनी में गली निर्माण तथा वर्षों से प्रतीक्षित गढ़ी कट्टैया श्मशान घाट के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इन योजनाओं से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के हजारों नागरिकों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

शुभारंभ कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों, ग्राम प्रधानों और जनप्रतिनिधियों ने ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और आतिशबाजी के साथ सांसद और विधायक का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख कोमल गुर्जर, सभासद जयवीर बंसल, अनूप भड़ाना, कुलवीर चौहान, सभासद दल अध्यक्ष रोहित भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।

विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने मौके पर जनचौपाल आयोजित कर आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

सांसद अतुल गर्ग ने कहा कि एक समय लोनी की पहचान अपराध से जुड़ी हुई थी, लेकिन 2017 के बाद कानून व्यवस्था में बड़ा सुधार हुआ है। आज लोनी विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रही है और विधायक के नेतृत्व में सकारात्मक बदलाव स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं।

भाजपा जिलाध्यक्ष चौ. चैनपाल सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार में लोनी में बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है और क्षेत्र आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने अपने संबोधन में कहा कि पहले लोनी में सड़क, बिजली, पानी और चिकित्सा जैसी सुविधाओं की भारी कमी थी। आज इन सभी क्षेत्रों में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि श्मशान घाट की वर्षों पुरानी मांग आज पूरी हुई है, जो उनकी विकास के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

उन्होंने यह भी बताया कि दिल्ली-सहारनपुर मार्ग, बेहटा हाजीपुर नहर मार्ग और बेहटा बंद फाटक जैसे प्रमुख परियोजनाओं पर कार्य तेजी से चल रहा है और आने वाले समय में लोनी का स्वरूप पूरी तरह बदला हुआ नजर आएगा।

अंत में विधायक ने कहा कि लोनी का सर्वांगीण विकास ही उनका संकल्प है और यह विकास यात्रा निरंतर जारी रहेगी।

author

Related Articles

error: Content is protected !!