Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

महराजगंज में टेट अनिवार्यता के खिलाफ विरोध तेज, शिक्षकों ने हाथों में बांधी काली पट्टी, दिल्ली तक आंदोलन की चेतावनी

महराजगंज में टेट अनिवार्यता के खिलाफ विरोध तेज, शिक्षकों ने हाथों में बांधी काली पट्टी, दिल्ली तक आंदोलन की चेतावनी

महराजगंज: नौतनवां ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत पुरैनिहा स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में सोमवार को शिक्षकों ने टेट (शिक्षक पात्रता परीक्षा) को अनिवार्य किए जाने के निर्णय के विरोध में संगठित रूप से प्रदर्शन किया। यह कार्यक्रम Teachers Federation of India के आह्वान पर तथा उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ की ब्लॉक कार्य समिति व ब्लॉक संघर्ष समिति के संयुक्त नेतृत्व में आयोजित हुआ।

ब्लॉक अध्यक्ष राघवेन्द्र नाथ पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में शिक्षकों ने कहा कि वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षकों पर टेट अनिवार्यता लागू करना तर्कसंगत नहीं है। इससे न केवल शिक्षकों का मनोबल प्रभावित होगा, बल्कि शिक्षण व्यवस्था पर भी प्रतिकूल असर पड़ेगा। विरोध के प्रतीक स्वरूप शिक्षकों ने विद्यालय परिसर में शिक्षण कार्य के दौरान दाहिने हाथ में काली पट्टी बांधकर अपना असंतोष दर्ज कराया।

बैठक में आंदोलन की आगामी रूपरेखा भी साझा की गई। निर्णय लिया गया कि 22 फरवरी को सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक ट्विटर अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद 23 से 25 फरवरी तक सभी शिक्षक काली पट्टी बांधकर सांकेतिक विरोध जारी रखेंगे। 26 फरवरी को जिलास्तरीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा, जबकि मार्च माह में तीन सप्ताह तक दिल्ली में धरना-प्रदर्शन कर सरकार का ध्यान मांगों की ओर आकृष्ट किया जाएगा।

शिक्षकों ने स्पष्ट किया कि वे शिक्षा की गुणवत्ता के पक्षधर हैं, लेकिन सेवा में रहते हुए नई बाध्यताएं थोपना स्वीकार्य नहीं है। बैठक में शिक्षक चन्द्रभान प्रसाद, उमेश चन्द्र यादव, सूर्यभान उपाध्याय, शत्रुघ्न, पब्बर यादव, कृष्ण पाल सिंह चौधरी सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में निर्णय लिया कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन चरणबद्ध रूप से जारी रहेगा।

author

Related Articles

error: Content is protected !!