Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

लोनी की बिजली व्यवस्था पर सवाल, जर्जर ढांचे के बीच नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग, ऊर्जा मंत्री को भेजा गया ज्ञापन

लोनी की बिजली व्यवस्था पर सवाल, जर्जर ढांचे के बीच नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग, ऊर्जा मंत्री को भेजा गया ज्ञापन

गाजियाबाद: लोनी क्षेत्र में लगातार बढ़ते विद्युत भार के बीच बिजली व्यवस्था पर दबाव साफ दिखाई देने लगा है। कई कॉलोनियों में कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मर के कारण बार-बार बिजली गुल होना, लो वोल्टेज और ट्रिपिंग जैसी समस्याएं आम हो गई हैं। इससे आम नागरिकों के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियां और आवश्यक सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं।

इन्हीं समस्याओं को लेकर वॉयस ऑफ लीगल राइट्स ट्रस्ट के उपाध्यक्ष एवं अधिवक्ता इन्तजार अली ने उत्तर प्रदेश के कैबिनेट ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा के नाम संबोधित ज्ञापन विद्युत वितरण खंड बलराम नगर के उपखंड अधिकारी को सौंपा। उन्होंने क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग करते हुए आवश्यक कदम उठाने की अपील की।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि कंचन पार्क, इकराम नगर और मुस्तफाबाद कॉलोनी में स्थापित मौजूदा ट्रांसफार्मर बढ़ती आबादी और बिजली की मांग के मुकाबले पर्याप्त क्षमता का नहीं है। अधिक लोड पड़ने से ट्रांसफार्मर में बार-बार फॉल्ट, ट्रिपिंग और वोल्टेज की समस्या उत्पन्न हो रही है। कई बार बिजली आपूर्ति घंटों तक बाधित रहती है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है।

अधिवक्ता इन्तजार अली ने कहा कि बिजली संकट का असर केवल घरेलू उपभोक्ताओं तक सीमित नहीं है। अस्पताल, स्कूल, छोटे-बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठान और अन्य आवश्यक सेवाएं भी नियमित बिजली न मिलने से प्रभावित हो रही हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते बिजली ढांचे को मजबूत नहीं किया गया तो भविष्य में समस्या और गंभीर हो सकती है।

ज्ञापन में मांग की गई है कि संबंधित क्षेत्र का तकनीकी सर्वे कर वास्तविक विद्युत भार का आकलन कराया जाए और आवश्यकता के अनुसार शीघ्र उच्च क्षमता का नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाए। साथ ही पुराने एवं जर्जर विद्युत तारों को बदलने तथा वितरण लाइनों का सुदृढ़ीकरण करने की भी मांग उठाई गई है, ताकि उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।

author

Related Articles

error: Content is protected !!