Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

पनियरा में दर्दनाक हादसा, पंखा लगाते समय करंट की चपेट में आए किसान की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

पनियरा में दर्दनाक हादसा, पंखा लगाते समय करंट की चपेट में आए किसान की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

महराजगंज: पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत हेमछापर स्थित बिचली कोठी में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 52 वर्षीय किसान रामकेवल की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मिली जानकारी के मुताबिक रामकेवल अपने घर में पंखा लगा रहे थे। इसी दौरान वह अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलसकर नीचे गिर पड़े। परिजन और आसपास के ग्रामीण तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पनियरा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार पहुंच गए। हर कोई इस अप्रत्याशित हादसे से स्तब्ध नजर आया। मृतक रामकेवल खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में दो पुत्र संदीप और सुजीत तथा दो पुत्रियां निशा और मनीषा हैं।

बड़ी पुत्री का विवाह हो चुका है, जबकि अन्य तीन बच्चों का विवाह अभी नहीं हुआ है। दोनों पुत्र रोज़गार के सिलसिले में घर से बाहर रहते हैं और घटना के समय भी बाहर ही थे। पिता की मौत की सूचना मिलते ही वे घर के लिए रवाना हो गए। इस मामले पर थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की मांग पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

हिंदी एक्सप्रेस न्यूज़ उत्तर प्रदेश पर विशेष फ़ोकस के साथ चलने वाला एक विश्वसनीय डिजिटल समाचार मंच है। जो स्पष्ट व निष्पक्ष खबरों के लिए सदैव तत्पर रहता है। जनपद हो, प्रदेश हो या देश-विदेश, सच्ची खबरों को देखने के लिए हमारे साथ लगातार जुड़े रहिए।

Related Articles

error: Content is protected !!