रामपुर: ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति और जर्जर विद्युत लाइनों की समस्या को लेकर किसान यूनियन ने सोमवार को जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। तहसील सदर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग की।
किसान यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव उस्मान अली पाशा ने बताया कि बिलासपुर गेट विद्युत उपकेंद्र से जुड़े ग्राम बगी क्षेत्र में कब्रिस्तान के पास स्थित ट्रांसफार्मर से निकलने वाली बिजली लाइन लंबे समय से जर्जर अवस्था में है। उनके अनुसार लाइन में अनेक स्थानों पर फॉल्ट होने के कारण ग्रामीणों को बार-बार बिजली बाधित होने की समस्या झेलनी पड़ रही है।
उन्होंने दावा किया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद लाइन बदलने की दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। आरोप है कि संबंधित अवर अभियंता ने नई लाइन बिछाने के लिए लगभग 75 हजार रुपये का खर्च ग्रामीणों से वहन करने की बात कही, जबकि इस प्रकार की व्यवस्था सरकारी नियमों के अनुरूप नहीं बताई जा रही है।
किसान यूनियन का कहना है कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की बात करती है, लेकिन बिलासपुर गेट विद्युत उपकेंद्र से जुड़े गांवों में लोगों को औसतन केवल 5 से 6 घंटे ही बिजली मिल रही है। इससे खेती-किसानी, घरेलू कार्य और दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
ज्ञापन में जर्जर विद्युत लाइनों को तत्काल बदलने, बिजली आपूर्ति में सुधार करने, जिला महिला अस्पताल में तैनात एक चिकित्सक के कथित अवैध निजी क्लीनिक की जांच कराने तथा प्लाईवुड फैक्ट्रियों में नीम-कोटेड यूरिया के कथित उपयोग पर रोक लगाने सहित अन्य जनहित के मुद्दे भी शामिल किए गए।
जिलाधिकारी से मांग की गई कि सभी बिंदुओं की निष्पक्ष जांच कराकर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके। ज्ञापन सौंपने के दौरान मोहम्मद रिहान, जबर सिंह, शाहरुख पाशा, राजू, मोहम्मद फरमान सहित किसान यूनियन के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


