कुशीनगर: निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने निर्वाचन कार्यालय परिसर स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट स्ट्रॉन्ग रूम का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था के प्रत्येक पहलू का गहन परीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित रख-रखाव, डबल लॉक सिस्टम, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश-निकास व्यवस्था, सीलिंग प्रक्रिया और अभिलेखों के रख-रखाव की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी जानकारियां प्राप्त कीं और सभी रिकॉर्ड का मिलान कर व्यवस्थाओं का सत्यापन किया।
डीएम ने विशेष रूप से सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और रिकॉर्डिंग व्यवस्था का परीक्षण कराया। उन्होंने निर्देश दिए कि निगरानी प्रणाली चौबीसों घंटे सक्रिय रहे तथा उसकी रिकॉर्डिंग का नियमित रूप से परीक्षण किया जाए। साथ ही स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा से जुड़े सभी प्रोटोकॉल का पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ पालन किया जाए।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप ईवीएम एवं वीवीपैट की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। डबल लॉक व्यवस्था, सीलों की सुरक्षा और अभिलेखों के संधारण में जवाबदेही सुनिश्चित की जाए तथा समय-समय पर निरीक्षण और भौतिक सत्यापन भी कराया जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता और मतदाताओं के विश्वास को बनाए रखने के लिए सभी व्यवस्थाएं हमेशा चुस्त-दुरुस्त रहें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।


