Hindi Express News
  • July 15, 2026
  • Last Update July 14, 2026 10:20 PM
  • Lucknow

महराजगंज: मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को मिला हरियाली का अनोखा उपहार, पर्यावरण बचाने का संकल्प

महराजगंज: मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को मिला हरियाली का अनोखा उपहार, पर्यावरण बचाने का संकल्प

महराजगंज: पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से मंगलवार को पनियरा ब्लॉक सभागार में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को वन विभाग द्वारा सहजन (मोरिंगा) के पौधे वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान लोगों को पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल के लिए भी प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद वन क्षेत्राधिकारी हरिकेश नायक ने कहा कि पृथ्वी पर जीवन को सुरक्षित रखने में पेड़ों की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बताया कि बढ़ता प्रदूषण और घटती हरियाली भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बन रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसे पेड़ बनने तक उसकी देखभाल करे। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है।

खंड विकास अधिकारी अमीय कुमार शशी ने मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वितरित किए गए सहजन के पौधों को अपने घर, आंगन या आसपास उपलब्ध स्थान पर रोपित करें और उनकी नियमित देखभाल करें। उन्होंने कहा कि अधिकारी जब भी क्षेत्र का निरीक्षण करें, तो लगाए गए पौधे सुरक्षित एवं विकसित अवस्था में दिखाई दें।

उन्होंने सहजन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह पौधा औषधीय गुणों से भरपूर होने के साथ-साथ पोषण का भी उत्कृष्ट स्रोत है। इसकी पत्तियां, फलियां और अन्य भाग स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी माने जाते हैं।

कार्यक्रम का संचालन सीएम फेलो सत्यप्रकाश पांडेय ने किया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत अधिकारी प्रकृति नायक, सूर्य प्रकाश रंजन, हरेराम यादव, पंचायत सहायकों सहित ब्लॉक के अनेक कर्मचारी और मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने पौधारोपण कर हरियाली बढ़ाने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का सामूहिक संकल्प लिया।

हिंदी एक्सप्रेस न्यूज़ उत्तर प्रदेश पर विशेष फ़ोकस के साथ चलने वाला एक विश्वसनीय डिजिटल समाचार मंच है। जो स्पष्ट व निष्पक्ष खबरों के लिए सदैव तत्पर रहता है। जनपद हो, प्रदेश हो या देश-विदेश, सच्ची खबरों को देखने के लिए हमारे साथ लगातार जुड़े रहिए।

Related Articles

error: Content is protected !!