कुशीनगर: जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर वर्षों से एक ही स्थान पर कार्यरत चिकित्सकों के तबादला किया गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. चंद्रप्रकाश ने एमओआईसी सहित कुल 26 चिकित्सकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए नई तैनाती सूची जारी की है। सभी चिकित्सकों को तत्काल प्रभाव से अपने नए कार्यस्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
नई सूची के अनुसार डॉ. आनंद प्रकाश गुप्ता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रामकोला का प्रभारी नियुक्त किया गया है। डॉ. महेश्वर कृष्णम का स्थानांतरण सीएचसी सेवरही से कुबेरस्थान किया गया है, जबकि डॉ. संजय कुमार यादव को सीएचसी देवतहां का प्रभारी बनाया गया है। डॉ. विश्वकर्मा शेष कुमार को रामकोला से सीएचसी तुर्कहा (खड्डा) तथा डॉ. धीरज कुमार सिंह को कुबेरस्थान से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) सरपतही भेजा गया है।
इसी क्रम में डॉ. जलज गुप्ता को कसया से तमकुहीराज, डॉ. सुनील कुमार को सीएचसी सेवरही से पीएचसी सेवरही, डॉ. रजनीश कुमार श्रीवास्तव को कुबेरस्थान सीएचसी का प्रभारी, डॉ. सीमांत वर्मा को नेबुआ नौरंगिया से पीएचसी खड्डा, डॉ. बीडी शर्मा को पुरुष एवं नेत्र चिकित्सालय पडरौना से पीएचसी सिधुआ, डॉ. उमेश चंद्र यादव को सीएचसी कप्तानगंज से पीएचसी भड़सर खास, डॉ. निधि प्रदा मल्ल को कसया से सीएचसी मोतीचक तथा डॉ. अमित कुमार को हाटा से पीएचसी अहिरौली स्थानांतरित किया गया है।
इसके अलावा डॉ. दिग्विजय राय, डॉ. उत्तम कुमार जायसवाल, डॉ. अंजुलता आर्या, डॉ. जितेंद्र कुमार यादव, डॉ. विपिन गौतम, डॉ. अराफात अहमद, डॉ. संतोष कुमार नायक, डॉ. आनंद मणि त्रिपाठी, डॉ. संदीप प्रसाद और डॉ. रविन्द्र कुमार को भी विभिन्न सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
वहीं, सीएचसी देवतहां के डॉ. हेमंत वर्मा, पुरुष एवं नेत्र चिकित्सालय पडरौना के डॉ. सुभाष प्रसाद तथा पीएचसी चिरहतवा के डॉ. हरिपाल विश्वकर्मा को उप मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय से संबद्ध किया गया है।
स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतरता बनाए रखने के लिए कुछ चिकित्सकों को अतिरिक्त दायित्व भी सौंपे गए हैं। डॉ. राहुल कुमार और डॉ. श्याम कुमार गुप्ता को सप्ताह के अलग-अलग दिनों में पीएचसी छितौनी का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है, जबकि डॉ. संदीप प्रसाद को सीएचसी दुदही के साथ पीएचसी दुबौली चाफ की भी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सीएमओ डॉ. चंद्रप्रकाश ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी चिकित्सक तत्काल अपने नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करें, ताकि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन बिना किसी व्यवधान के सुचारु रूप से जारी रह सके। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि इस प्रशासनिक फेरबदल से विभिन्न सीएचसी और पीएचसी पर चिकित्सकीय सेवाओं में संतुलन आएगा और आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।


