रतनपुर/महराजगंज। नौतनवा ब्लाक के रतनपुर में स्थित मां बनैलिया रोहिन बैराज में रविवार की शाम करीब चार बजे रोहिनी बैराज पर नहाते समय एक ही गांव के एक युवक व एक किशोर की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ कड़ी मशक्कत के बाद शव को बरामद कर कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक सोनौली कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत महुअवा निवासी प्रिन्स वर्मा (22) पुत्र विनय वर्मा व मोनू साहनी (14) पुत्र पवन साहनी अपने दोस्तों के साथ पिकअप से इटहिया शिवधाम गये था। वापस लौटते समय नौतनवा व परसामलिक थाना क्षेत्र के बीच रतनपुर में स्थित मां बनैलिया रोहिन बैराज पर दोस्तों के साथ नहाने लगा। अचानक दोनों का पैर फिसल गया और दोनो गहरे पानी में डूबने लगे। डूबते हुए देख दोस्तों व पिकअप चालक छोड़कर भाग गए।
सूचना पर पहुंचे नौतनवा क्षेत्राधिकारी बसंत सिंह व परसामलिक तथा नौतनवां पुलिस ने गांव के तैराकों की मदद से घंटो मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। शव बाहर निकलते ही कोहराम मच गया। सैकड़ों की भीड़ देखने के लिए उमड़ पड़ी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घर का इकलौता था प्रिन्स वर्मा तथा दो भाईयों में छोटा था मोनू साहनी
मृतक प्रिन्स वर्मा अपने घर का इकलौता चिराग था। इकलौते पुत्र की मौत से मां सुमन शर्मा व पिता विनय वर्मा का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं मृतक मोनू साहनी दो भाईयो में छोटा था तथा नौतनवा एक प्राईवेट स्कूल में कक्षा पांच का छात्र था। छोटे पुत्र की मौत से माता रुखमिणी देवी, पिता पवन साहनी व भाई अभिषेक साहनी का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस सम्बन्ध में क्षेत्राधिकारी बसन्त सिंह का कहना है कि रोहिन बैराज पर डूबे युवक व किशोर दोनों का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया गया है।


