महराजगंज: पनियरा स्थित रामरतन पीजी कॉलेज में रविवार को आयोजित सांसद ग्रामीण खेल स्पर्धा के ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता का समापन समारोह अत्यंत भव्य तरीके से संपन्न हुआ। तीन दिनों तक चले इस खेल महोत्सव में सैकड़ों युवा खिलाड़ियों ने अपने कौशल और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि जीवन में अनुशासन, सहयोग और आत्मविश्वास भी बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई खेलो इंडिया और सांसद खेल स्पर्धा जैसी पहलें गांवों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर प्रदान कर रही हैं।”
इसी क्रम में पनियरा इंटर कॉलेज में भी समापन समारोह उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। यहां नगर पंचायत अध्यक्ष उमेश चंद्र जायसवाल मुख्य अतिथि तथा विधानसभा संयोजक प्रेम शंकर सिंह (निर्भय सिंह) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दोनों ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार और प्रमाण पत्र प्रदान किए।
खेल प्रतियोगिताओं में एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, कुश्ती और रस्साकशी जैसे मुकाबले शामिल रहे।
जूनियर बालक वर्ग में दुर्गेश कन्नौजिया, आकाश राय और धीरज यादव ने बाजी मारी।
सीनियर वर्ग में दीपक यादव, राधेश्याम राय और गोविंद साहनी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
बालिका वर्ग में मुस्कान, प्रीति चौहान, सुजाता और पूजा यादव ने शानदार प्रदर्शन से सबका दिल जीता।
समापन अवसर पर कॉलेज प्रबंधक रामचंद्र यादव और प्रधानाचार्य आफताब आलम खान ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बबलू यादव, देवेंद्र गिरी, दीपक पांडेय, अंगद गुप्ता, आकर्ष श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्यजन मौजूद रहे।


