महराजगंज: आनंदनगर रेलवे स्टेशन का रेल मंत्रालय के सदस्य कृष्ण कुमार वर्मा ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्टेशन परिसर के साथ-साथ उसके पीछे पिछले करीब सात दशकों से दुकानें संचालित कर रहे व्यापारियों ने उन्हें अपनी व्यथा से अवगत कराया। दुकानदारों ने रेल मंत्रालय सदस्य को एक ज्ञापन सौंपते हुए अपनी वर्षों पुरानी आजीविका पर मंडरा रहे संकट की जानकारी दी।

व्यापारियों ने बताया कि वे देश की आज़ादी के समय से ही रेलवे विभाग से विधिवत एलॉटमेंट और लाइसेंस प्राप्त कर स्टेशन के पीछे दुकानें चला रहे हैं। इन दुकानों से ही उनके परिवारों का भरण-पोषण होता रहा है। बच्चों की पढ़ाई-लिखाई, इलाज, दवा, शादी-विवाह जैसी सभी जिम्मेदारियाँ इसी आय पर निर्भर थीं। वर्तमान परिस्थितियों के चलते कारोबार बाधित होने से उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

दुकानदारों का कहना है कि दुकानें बंद होने या कार्य बाधित होने से वे बेरोज़गार और बेसहारा हो गए हैं। कई परिवारों के सामने रोज़ी-रोटी का संकट उत्पन्न हो गया है और जीवन यापन करना कठिन होता जा रहा है। उन्होंने मांग की कि उनके लंबे समय से चले आ रहे वैध कारोबार को देखते हुए कोई मानवीय और स्थायी समाधान निकाला जाए।
रेल मंत्रालय के सदस्य कृष्ण कुमार वर्मा ने दुकानदारों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर नियमों के दायरे में रहते हुए न्यायोचित समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि वर्षों से मेहनत कर रहे परिवारों को राहत मिल सके।
इस अवसर पर ध्रुव वर्मा, आशुतोष श्रीवास्तव, मुरली मनोहर मिश्र, सोनू जायसवाल, शिवम जायसवाल और अमित अग्रहरी सहित अन्य दुकानदार मौजूद रहे।


