Hindi Express News
  • 02/03/2026
  • Last Update 01/03/2026 8:01 pm
  • Lucknow

जहांगीराबाद फीस विवाद: छात्रों के दबाव में बैकफुट पर आया कॉलेज प्रशासन, लौटानी पड़ी अवैध फीस

जहांगीराबाद फीस विवाद: छात्रों के दबाव में बैकफुट पर आया कॉलेज प्रशासन, लौटानी पड़ी अवैध फीस

बुलंदशहर: जहांगीराबाद स्थित शिवकुमार अग्रवाल जनता इंटर कॉलेज में छात्रों से अतिरिक्त फीस वसूली को लेकर सोमवार को उपजा विवाद प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद शांत हो गया। अधिकारियों की मध्यस्थता और लंबी बातचीत के बाद कॉलेज प्रबंधन ने अवैध रूप से वसूली गई राशि वापस करने पर सहमति जताई, जिसके बाद प्रदर्शन कर रहे छात्रों को बड़ी राहत मिली।

बता दें, बीते कुछ दिनों से इंटरमीडिएट के छात्रों से निर्धारित शुल्क के अतिरिक्त “सुविधा शुल्क” के नाम पर रकम वसूली जा रही थी। इसको लेकर छात्र आक्रोशित हो गए और सोमवार को कॉलेज परिसर में एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्रों ने नारेबाजी करते हुए तत्काल फीस वापसी की मांग की।

मामला उस समय और गंभीर हो गया जब कुछ छात्रों ने आत्मदाह का प्रयास करते हुए पेट्रोल डाल लिया, जिसके बाद प्रशासन को तत्काल मौके पर बुलाया गया। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने स्थिति को संभालते हुए छात्रों को समझाया और कॉलेज प्रबंधन से वार्ता कराई।

अधिकारियों की सख्ती के बाद कॉलेज प्रशासन बैकफुट पर आया और मौके पर मौजूद इंटरमीडिएट सी सेक्शन के करीब 14 छात्रों को तत्काल फीस वापस की गई। इसके साथ ही आगे सभी प्रभावित छात्रों की अतिरिक्त वसूली गई राशि लौटाने पर भी सहमति बनी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए दोपहर में ही कॉलेज के प्रधानाचार्य सी.पी. अग्रवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि छात्रों से किसी भी प्रकार की अवैध या अनधिकृत फीस वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जांच पूरी होने के बाद दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

फीस वापसी के बाद छात्रों के चेहरों पर राहत और संतोष साफ दिखाई दिया। छात्रों ने प्रशासन का आभार जताते हुए भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति न होने की मांग की।

Related Articles

error: Content is protected !!