महराजगंज: शिक्षा, शोध और नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर जिले का नाम रोशन करने वाले राम रतन महाविद्यालय, रामपुर मंसूरगंज के विज्ञान संकायाध्यक्ष डॉ. कमलेश कुमार का महाविद्यालय परिसर में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राज्यपाल के हाथों सम्मानित होने के बाद महाविद्यालय परिवार ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रबंधक रामचंद्र यादव ने कहा कि डॉ. कमलेश कुमार की सफलता केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे संस्थान के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि शोध, अनुशासन और समर्पण से मिली यह पहचान युवा शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है। प्राचार्य डॉ. नागेश्वर सिंह ने भी उनके शैक्षणिक योगदान की सराहना करते हुए भविष्य में और अधिक उपलब्धियां हासिल करने की शुभकामनाएं दीं।
डॉ. कमलेश कुमार ने अपने शोध कार्यों के माध्यम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। उनके नाम तीन अंतरराष्ट्रीय और एक राष्ट्रीय पेटेंट दर्ज हैं। स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर की तीन पुस्तकों का लेखन भी उन्होंने किया है। वे आईएमपीआरसी के सदस्य तथा आईजेईटीई जर्नल के संपादक के रूप में भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वर्ष 2025 में उन्हें वर्ल्ड एथिक्स एजुकेशन सोसाइटी द्वारा इंटरनेशनल बेस्ट टीचर अवॉर्ड से सम्मानित किया जा चुका है।
उनकी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि ‘नेचुरल पेस्टिसाइड डिस्पेंसिंग डिवाइस’ का विकास है, जिसे यूनाइटेड किंगडम इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी ऑफिस द्वारा पेटेंट प्रदान किया गया। यह तकनीक फसलों पर प्राकृतिक कीटनाशकों के नियंत्रित एवं प्रभावी छिड़काव को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकसित की गई है और कृषि क्षेत्र के लिए उपयोगी मानी जा रही है।
समारोह के दौरान महाविद्यालय की एनसीसी इकाई के कैडेट अनुज सिंह, गंगेश प्रजापति और संतोष को भी भारतीय सेना की अग्निवीर योजना में चयनित होने पर सम्मानित किया गया। लेफ्टिनेंट कर्नल शत्रुघ्न कुमार, संजन कुमार और यदुनंदन यादव ने तीनों कैडेटों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में डॉ. राजेश कुमार यादव, राजेश यादव, सुभाष कुमार, मनोज वर्मा, गणेश यादव, सुनील वर्मा, कन्हैया सहानी, प्रदीप तिवारी, रितिका यादव, किरण शर्मा, अनूप गुप्ता, प्रदीप कुमार, वेद प्रकाश, उमेश कुमार सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पूरे समारोह में सम्मान, प्रेरणा और उपलब्धियों का उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।


