गाजियाबाद: जनपद में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान और क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद और केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने संयुक्त सर्च अभियान चलाया। यह अभियान “ऑपरेशन टॉर्च” के तहत दिल्ली से सटे कौशांबी क्षेत्र में अंजाम दिया गया।
संयुक्त टीमों ने कौशांबी थाना क्षेत्र के भोवापुर और बिहारी मार्केट इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान इलाके में रह रहे लोगों के आधार कार्ड, वोटर आईडी, पासपोर्ट तथा अन्य वैध पहचान पत्रों की बारीकी से जांच की गई। साथ ही संदिग्ध पाए गए व्यक्तियों से पूछताछ कर उनके दस्तावेजों का सत्यापन किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अभियान का मुख्य उद्देश्य अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान करना, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना और किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को समय रहते रोकना है। अधिकारियों ने बताया कि सर्च ऑपरेशन पूरी तरह योजनाबद्ध और सतर्कता के साथ किया गया, जिससे आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सर्च अभियान के दौरान इलाके में कुछ समय के लिए हलचल जरूर देखने को मिली, हालांकि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही और किसी भी तरह की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। पुलिस ने स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बिना वैध दस्तावेजों के रह रहे लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी, वहीं वैध रूप से रह रहे नागरिकों को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।


