कुशीनगर: सेवरही विकासखण्ड के सलेमगढ़ बाजार में आगामी 3 जनवरी को देश की प्रथम महिला शिक्षिका और महान समाज सुधारक माता सावित्री बाई फुले की जयंती श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाई जाएगी। जयंती समारोह को लेकर क्षेत्र में व्यापक उत्साह देखने को मिल रहा है और आयोजक तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।
समारोह के मुख्य आयोजक महात्मा सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन केवल जयंती मनाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि समाज को शिक्षा, समानता और नारी सम्मान के प्रति जागरूक करने का माध्यम बनेगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, युवाओं और महिलाओं की सहभागिता रहने की संभावना है।
इस अवसर पर आयोजित समारोह में भारतीय जनता पार्टी के युवा नेता धनंजय कुमार राय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं वरिष्ठ पत्रकार सुरेन्द्र नाथ द्विवेदी तथा सामाजिक कार्यकर्ता संजय कुमार पटेल उर्फ राजू भैया विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान माता सावित्री बाई फुले के संघर्षमय जीवन, महिला शिक्षा के क्षेत्र में उनके अभूतपूर्व योगदान और सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध उनके संघर्ष पर प्रकाश डाला जाएगा। वक्ता महिला सशक्तिकरण, सामाजिक न्याय, समान अवसर और शिक्षा के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करेंगे।
आयोजन समिति का कहना है कि इस जयंती समारोह का उद्देश्य नई पीढ़ी को सावित्री बाई फुले के विचारों से जोड़ना और समाज को प्रगतिशील सोच की ओर प्रेरित करना है। आयोजकों ने सभी समाजसेवियों, बुद्धिजीवियों और नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।


