Hindi Express News
  • 02/03/2026
  • Last Update 01/03/2026 8:01 pm
  • Lucknow

बुलंदशहर: डीएम-एसएसपी के नेतृत्व में शुरू हुआ सड़क सुरक्षा माह, यातायात नियमों के पालन की अपील

बुलंदशहर: डीएम-एसएसपी के नेतृत्व में शुरू हुआ सड़क सुरक्षा माह, यातायात नियमों के पालन की अपील

बुलंदशहर: जनपद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और आमजन में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी का भाव पैदा करने के उद्देश्य से 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक सड़क सुरक्षा माह का आयोजन किया जा रहा है। गुरुवार को इस अभियान का औपचारिक शुभारंभ जिलाधिकारी श्रुति एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह द्वारा रोडवेज बस स्टैंड परिसर से किया गया।

शुभारंभ अवसर पर दोनों अधिकारियों ने यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। रैली के माध्यम से लोगों को सुरक्षित ड्राइविंग, अनुशासित यातायात और जीवन की सुरक्षा का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी श्रुति ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी तभी संभव है जब हर नागरिक नियमों का पालन अपनी जिम्मेदारी समझकर करे। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट लगाने, तेज गति से वाहन न चलाने, नशे की हालत में ड्राइविंग से बचने तथा मोबाइल फोन का प्रयोग न करने की अपील की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा माह के दौरान पुलिस और परिवहन विभाग संयुक्त रूप से स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम चलाएंगे, ताकि हर वर्ग तक यह संदेश पहुंचे कि सावधानी ही सुरक्षा की सबसे बड़ी कुंजी है।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर शंकर प्रसाद, क्षेत्राधिकारी यातायात पूर्णिमा सिंह, प्रभारी निरीक्षक यातायात राजपाल सिंह तोमर, परिवहन विभाग एवं रोडवेज के अधिकारी-कर्मचारी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

Related Articles

error: Content is protected !!