महराजगंज: जनपद में खिचड़ी मेले के शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखाई दे रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने मंगलवार को चौक स्थित गुरु गोरखनाथ मंदिर परिसर का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल, पार्किंग तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि भीड़ प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा बैरिकेटिंग, प्रवेश-निकास मार्ग और पार्किंग व्यवस्था सुव्यवस्थित रखी जाए। मेला परिसर में वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और यातायात को सुचारू रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की जाएगी।

सुरक्षा के दृष्टिगत पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। मेला क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी तथा कंट्रोल रूम से निरंतर संपर्क बनाए रखा जाएगा। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने फोर्स को सतर्क रहते हुए हर संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखने, नियमित गश्त बढ़ाने और प्वाइंट ड्यूटी पर पूर्ण अनुशासन के साथ तैनात रहने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला सुरक्षा, भगदड़ रोकथाम और लाउडस्पीकर के माध्यम से श्रद्धालुओं को जागरूक करने पर विशेष जोर दिया।
अग्निशमन विभाग को मेला परिसर में अग्निशमन उपकरणों की समुचित व्यवस्था, दमकल कर्मियों की तैनाती तथा आपात स्थिति में फायर टेंडरों के लिए सुगम मार्ग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही श्रद्धालुओं को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करने को कहा गया।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हेल्थ कैंप, हेल्प डेस्क, खोया-पाया केंद्र, स्वच्छता एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था की जाएगी। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि खिचड़ी मेला पूरी तरह सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।


