Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

छह माह से मानदेय नहीं मिला, आर्थिक तंगी से जूझ रहे रोजगार सेवक, पनियरा ब्लॉक परिसर में फूटा गुस्सा

छह माह से मानदेय नहीं मिला, आर्थिक तंगी से जूझ रहे रोजगार सेवक, पनियरा ब्लॉक परिसर में फूटा गुस्सा

महराजगंज: पनियरा विकासखंड में कार्यरत रोजगार सेवकों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। बीते छह महीनों से मानदेय न मिलने के कारण रोजगार सेवक गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि कई परिवारों के सामने रोजमर्रा का खर्च चलाना भी चुनौती बन गया है। शनिवार को इसी समस्या को लेकर रोजगार सेवकों ने ब्लॉक परिसर में एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया।

विकासखंड क्षेत्र की 72 ग्राम पंचायतों में कुल 49 रोजगार सेवक तैनात हैं, जो सरकार की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। बावजूद इसके, लंबे समय से मानदेय का भुगतान न होने से उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। रोजगार सेवकों का कहना है कि किराया, राशन, बच्चों की पढ़ाई और इलाज जैसे जरूरी खर्च पूरे करना अब मुश्किल हो गया है।

रोजगार सेवक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष राजेश जायसवाल ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि यह पहली बार है जब दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार रोजगार सेवकों के लिए बिना खुशियों के बीत गए। उन्होंने बताया कि मानदेय न मिलने से न सिर्फ आर्थिक परेशानी बढ़ी है, बल्कि मानसिक तनाव भी लगातार बढ़ रहा है। इसके बावजूद शासन-प्रशासन इस गंभीर समस्या पर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है।

प्रदर्शन कर रहे रोजगार सेवकों ने मांग की कि लंबित मानदेय का तत्काल भुगतान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन को और व्यापक रूप देने के लिए मजबूर होंगे।

इस दौरान सतीश यादव, नियाज अहमद, संतोष कुमार सिंह, दुर्गेश अग्रहरी, उमेश यादव, रमेश मौर्या, सुरेश यादव, रामयज्ञ पासवान, प्रतिभा देवी, ज्ञांती देवी, रामशरन सिंह, अशोक कुमार सहित बड़ी संख्या में रोजगार सेवक मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में प्रशासन से जल्द से जल्द मानदेय जारी करने की मांग की।

हिंदी एक्सप्रेस न्यूज़ उत्तर प्रदेश पर विशेष फ़ोकस के साथ चलने वाला एक विश्वसनीय डिजिटल समाचार मंच है। जो स्पष्ट व निष्पक्ष खबरों के लिए सदैव तत्पर रहता है। जनपद हो, प्रदेश हो या देश-विदेश, सच्ची खबरों को देखने के लिए हमारे साथ लगातार जुड़े रहिए।

Related Articles

error: Content is protected !!