Hindi Express News
  • July 15, 2026
  • Last Update July 14, 2026 10:20 PM
  • Lucknow

Kushinagar: बीआरएम स्कूल का 11वां वार्षिकोत्सव 7 फरवरी को, खेल, संस्कृति और सम्मान का होगा भव्य संगम

Kushinagar: बीआरएम स्कूल का 11वां वार्षिकोत्सव 7 फरवरी को, खेल, संस्कृति और सम्मान का होगा भव्य संगम

कुशीनगर: तमकुहीराज तहसील एवं सेवरही विकासखंड अंतर्गत ग्राम सभा सलेमगढ़ बाजार में स्थित बीआरएम स्कूल एक बार फिर शिक्षा, संस्कार और प्रतिभा के उत्सव का साक्षी बनने जा रहा है। विद्यालय प्रबंधन द्वारा आगामी 7 फरवरी (शनिवार) को 11वां वार्षिकोत्सव एवं स्थापना दिवस बड़े ही भव्य और गरिमामय रूप में आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन सायंकाल 5 बजे से विद्यालय परिसर में शुरू होगा।

इस आशय की जानकारी मंगलवार को विद्यालय के मीटिंग हॉल में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान विद्यालय के प्रबंधक श्री राजन कुमार मिश्रा एवं आजीवन सुझाव समिति के अध्यक्ष, सेवानिवृत्त शिक्षक श्री राम इकबाली राय ने संयुक्त रूप से दी। उन्होंने बताया कि वार्षिकोत्सव के अवसर पर शैक्षणिक, खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को आकर्षक पुरस्कार एवं सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

प्रबंधन ने बताया कि इस वर्ष आयोजन को और व्यापक स्वरूप दिया गया है। प्रतियोगिताओं में केवल बीआरएम स्कूल ही नहीं, बल्कि अन्य विद्यालयों के विद्यार्थियों को भी बिना किसी भेदभाव के भाग लेने का अवसर दिया गया। विद्यालय परिसर में नृत्य, गायन, पेंटिंग जैसी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ भाला क्षेपण, गोला क्षेपण, तीन टांग दौड़, बास्केटबॉल, शतरंज, कैरम, लंबी कूद, ऊंची कूद, स्लो साइकिल रेस, 100 मीटर दौड़, मार्बल-स्पून रेस, फुटबॉल और वॉलीबॉल जैसी अनेक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें सफल प्रतिभागियों को समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक दिलीप कुमार राय ने बताया कि 7 फरवरी को ही निःशुल्क नामांकन अभियान भी चलाया जाएगा, जो प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक रहेगा। कार्यक्रम को अभिभावकों और अतिथियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सायंकालीन रखा गया है, जिसका समापन सहभोज के साथ किया जाएगा।

विद्यालय प्रबंधन ने सभी अभिभावकों, गणमान्य नागरिकों एवं शुभचिंतकों से अपील की है कि वे कार्यक्रम में सहभागिता कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करें और शिक्षा के इस उत्सव को सफल बनाएं।

author

Related Articles

error: Content is protected !!