कुशीनगर: सेवरही विकासखंड के ग्रामसभा सलेमगढ़ बाजार, बसडिला बुजुर्ग रोड स्थित बीआरएम स्कूल में रविवार को वार्षिकोत्सव समारोह उल्लास, अनुशासन और सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया गया। शिक्षा के साथ-साथ बच्चों की प्रतिभा को मंच देने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए विद्यालय ने इस आयोजन को एक यादगार उत्सव का रूप दे दिया।

विद्यालय प्रबंधन ने अभिभावकों और विशिष्ट अतिथियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बार कार्यक्रम को शाम के समय आयोजित किया। शाम पाँच बजे से शुरू होकर रात आठ बजे तक चले समारोह में हजारों की संख्या में अभिभावक, ग्रामीणजन एवं आमंत्रित अतिथियों की उपस्थिति ने आयोजन की सफलता को प्रमाणित किया।
वार्षिकोत्सव के दौरान नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने देशभक्ति, सामाजिक कुरीतियों, पारिवारिक मूल्यों और नैतिक संदेशों पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। संगीत की धुन पर सधे अभिनय, भाव-भंगिमाओं और परिधान ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। बच्चों की प्रस्तुतियों को देख दर्शक यह भूल गए कि मंच पर खड़े कलाकार वही शरारती बच्चे हैं, जो अब अपने किरदारों में पूरी तरह ढल चुके थे।

कार्यक्रम का शुभारंभ सेवानिवृत्त शिक्षक इकबाली राय, विद्यावती देवी महिला महाविद्यालय के प्रबंधक बबलू राय एवं बीआरएम स्कूल के प्रबंधक राजन कुमार मिश्रा द्वारा फीता काटकर किया गया। इसके पश्चात मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम को विधिवत आरंभ किया गया।
विद्यालय में शैक्षणिक सत्र के दौरान अध्ययन एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे पर उत्साह और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था।
समारोह में पूर्व ब्लॉक प्रमुख डॉ. विजय राय, उदय नारायण गुप्ता, मधुर श्याम राय, हरेंद्र मिश्रा, अविनाश सिंह, राजेंद्र मिश्रा, भाजपा नेता निलय सिंह, अभिषेक मिश्रा, भरत मिश्रा, अनिल मिश्रा, डॉ. इफ्तखार अहमद करिम, दिलीप सोनी, यूनिट ऑफ प्राइवेट स्कूल्स के अध्यक्ष संतोष मिश्रा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ अध्यापक दिलीप राय ने किया। आयोजन को सफल बनाने में अवंतिका राय, शाहीन बानो, गुड़िया त्रिपाठी, पंकज पाठक, विजय शर्मा सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मचारियों का योगदान सराहनीय रहा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, छात्र-छात्राएं, महिलाएं, आमजन एवं पत्रकार बंधु उपस्थित रहे। वहीं सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी बहादुरपुर पुलिस चौकी प्रभारी एवं उनकी टीम द्वारा पूरी सतर्कता के साथ संभाली गई।


