महराजगंज: पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रजौड़ा खुर्द और रजौड़ा कला के सीवान में शनिवार दोपहर अचानक भीषण आग लगने से किसानों की करीब 12 एकड़ गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई। इस घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
बताया जा रहा है कि आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और तेज हवा के चलते तेजी से खेतों में फैल गई। ग्रामीणों ने एकजुट होकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे और अधिक नुकसान होने से बचा लिया गया।
हालांकि, आग बुझने के बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी के देर से पहुंचने पर ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गेहूं की कटाई पूरी होने तक ब्लॉक स्तर पर फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी स्थायी रूप से तैनात की जाए, ताकि ऐसी घटनाओं पर तुरंत काबू पाया जा सके।
आग लगने के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। इस अग्निकांड में कई किसानों की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। प्रभावित किसानों में गुलाब गुप्ता (लगभग 1.5 एकड़), राजनारायण (120 डिसमिल), देवी प्रसाद (एक बीघा), मुरली श्याम मनोहर (दो बीघा), उर्मिला (30 डिसमिल), रामभवन (30 डिसमिल), श्री सिंह (एक एकड़), राजेश्वर (14 डिसमिल) और राजाराम मौर्य (80 डिसमिल) शामिल हैं।


