Hindi Express News
  • July 15, 2026
  • Last Update July 14, 2026 10:20 PM
  • Lucknow

नरई से उठी आग ने मचाई तबाही, रामपुर में 40 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख, किसानों को भारी नुकसान

नरई से उठी आग ने मचाई तबाही, रामपुर में 40 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख, किसानों को भारी नुकसान

रामपुर: अजीम नगर थाना क्षेत्र के जिठनिया गांव में सोमवार को एक बड़ी आगजनी की घटना ने किसानों की मेहनत को पल भर में राख में बदल दिया। खेतों में खड़ी गेहूं की फसल में अचानक आग लगने से लगभग 40 बीघा फसल जलकर नष्ट हो गई, जिससे किसानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

मिली जानकारी के मुताबिक, अजीम नगर मिलक खानम रोड के पास एक किसान अब्बल हुसैन अपने खाली खेत में नरई जला रहा था। इसी दौरान तेज हवा चलने लगी, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते आसपास के खेतों में फैल गई। आग की लपटों ने पास के खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को अपनी चपेट में ले लिया।

आग की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। वहीं सूचना पर अजीम नगर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

हालांकि, तब तक काफी नुकसान हो चुका था। इस हादसे में किसान चुन्नीलाल की करीब 12 बीघा तथा फूलचंद मास्टर और अस्माइल अली की लगभग 8 बीघा गेहूं की फसल पूरी तरह जलकर राख हो गई। कुल मिलाकर लगभग 40 बीघा फसल बर्बाद हो गई, जिससे किसानों को लाखों रुपये की आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ा है।

गनीमत यह रही कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, अन्यथा आग और भी बड़े क्षेत्र में फैल सकती थी। घटना के बाद पीड़ित किसानों में मायूसी और आक्रोश का माहौल है।

पीड़ित किसानों ने जिला प्रशासन से जल्द से जल्द उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है, ताकि उन्हें इस नुकसान से कुछ राहत मिल सके। वहीं थाना अजीम नगर प्रभारी कर्मपाल सिंह ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी एक्सप्रेस न्यूज़ उत्तर प्रदेश पर विशेष फ़ोकस के साथ चलने वाला एक विश्वसनीय डिजिटल समाचार मंच है। जो स्पष्ट व निष्पक्ष खबरों के लिए सदैव तत्पर रहता है। जनपद हो, प्रदेश हो या देश-विदेश, सच्ची खबरों को देखने के लिए हमारे साथ लगातार जुड़े रहिए।

Related Articles

error: Content is protected !!