Hindi Express News
  • July 15, 2026
  • Last Update July 14, 2026 10:20 PM
  • Lucknow

Rampur News: भीषण गर्मी में आग का तांडव, किसानों की सूझबूझ से पाया गया काबू, तीन बीघा फसल जलकर खाक

Rampur News: भीषण गर्मी में आग का तांडव, किसानों की सूझबूझ से पाया गया काबू, तीन बीघा फसल जलकर खाक

रामपुर: जनपद के थाना अजीम नगर क्षेत्र अंतर्गत हरेका गांव के जंगल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अज्ञात कारणों से गेहूं की खड़ी फसल में अचानक भीषण आग लग गई। करीब 44 डिग्री सेल्सियस की झुलसाती गर्मी और तेज हवाओं के चलते आग ने कुछ ही पलों में विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते खेतों को अपनी चपेट में ले लिया।

इस अग्निकांड में किसान अयूब अली की लगभग तीन बीघा गेहूं की फसल पूरी तरह जलकर राख हो गई। मेहनत और उम्मीदों से तैयार की गई फसल के यूं नष्ट हो जाने से किसान और उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

आग की भयावहता को देखते हुए गांव के लोगों ने साहस और एकजुटता का परिचय दिया। ग्रामीणों ने पेड़ों की डालियों और पारंपरिक तरीकों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं होता, तो आसपास के कई और खेत भी इसकी चपेट में आ सकते थे, जिससे नुकसान और भी बड़ा हो सकता था।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक कर्मपाल सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को भी सूचित किया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, इस संबंध में अभी तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

हिंदी एक्सप्रेस न्यूज़ उत्तर प्रदेश पर विशेष फ़ोकस के साथ चलने वाला एक विश्वसनीय डिजिटल समाचार मंच है। जो स्पष्ट व निष्पक्ष खबरों के लिए सदैव तत्पर रहता है। जनपद हो, प्रदेश हो या देश-विदेश, सच्ची खबरों को देखने के लिए हमारे साथ लगातार जुड़े रहिए।

Related Articles

error: Content is protected !!