महराजगंज: परसामलिक थाना क्षेत्र के नौतनवा-ठूठीबारी मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग के कारण बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मनिकौरा गांव स्थित एक ईंट भट्ठे के सामने मिट्टी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में पलट गई। हादसे के समय मौके पर कोई राहगीर या अन्य वाहन मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रैक्टर-ट्रॉली काफी तेज गति से चल रही थी। मोड़ के पास चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रॉली सहित ट्रैक्टर सड़क से नीचे गड्ढे में जा पलटा। दुर्घटना होते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
हादसे के दौरान चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते ट्रैक्टर से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और बाद में जेसीबी मशीन की मदद से काफी मशक्कत के बाद मिट्टी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को गड्ढे से बाहर निकाला गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। परसामलिक थाना प्रभारी निरीक्षक अभय नारायण सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे की वजह तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग प्रतीत हो रही है। चालक सुरक्षित है तथा मामले की जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर ओवरलोड वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ओवरलोड वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई किए जाने की मांग की है।


