गाजियाबाद: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के मेरठ प्रांत के तत्वावधान में आयोजित संघ शिक्षा वर्ग (सामान्य) का शनिवार को भव्य शुभारम्भ हुआ। नेहरू नगर स्थित दुर्गावती हेमराज सरस्वती विद्या मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार, यज्ञ और दीप प्रज्वलन के साथ 15 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण वर्ग का विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में प्रांत प्रचारक अनिल एवं वर्ग अधिकारियों ने भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर प्रशिक्षण सत्र का शुभारम्भ किया।

यह विशेष प्रशिक्षण वर्ग आगामी 22 जून 2026 तक संचालित होगा, जिसमें स्वयंसेवकों को शारीरिक, बौद्धिक एवं सामाजिक दृष्टि से प्रशिक्षित किया जाएगा। संघ के अनुसार, इस वर्ग का उद्देश्य अनुशासित, सेवाभावी और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं का निर्माण करना है।
संस्कार और नेतृत्व निर्माण का केंद्र
संघ शिक्षा वर्ग को स्वयंसेवकों के व्यक्तित्व विकास की महत्वपूर्ण कड़ी माना जाता है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को अनुशासन, संगठन, सामाजिक समरसता और सेवा भाव का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। वर्ग में दंड (लाठी प्रशिक्षण), नियुद्ध (आत्मरक्षा कौशल), योग, समता, घोष (बैंड) सहित कई शारीरिक गतिविधियां आयोजित होंगी। साथ ही समसामयिक विषयों पर बौद्धिक सत्र एवं वैचारिक चर्चाएं भी कराई जाएंगी।
मेरठ प्रांत से पहुंचे 522 शिक्षार्थी
इस 15 दिवसीय आवासीय वर्ग में मेरठ प्रांत के विभिन्न जिलों से आए 522 शिक्षार्थी और 54 स्वयंसेवक भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान सभी प्रतिभागी निर्धारित अनुशासित दिनचर्या का पालन करेंगे, जिसमें प्रातःकालीन अभ्यास, योग, वैचारिक सत्र और रात्रिकालीन सांस्कृतिक गतिविधियां शामिल रहेंगी।
शताब्दी वर्ष में बढ़ा आयोजन का महत्व
उद्घाटन अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि संघ के शताब्दी वर्ष में ऐसे प्रशिक्षण वर्गों की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1925 में शुरू हुई संघ की यात्रा आज समाज जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का माध्यम बन चुकी है। ऐसे वर्ग समाज को दिशा देने वाले समर्पित एवं जिम्मेदार कार्यकर्ताओं के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रांत सह-प्रचारक आनंद, वर्ग कार्यवाह ब्रजेश जी, वर्ग बौद्धिक प्रमुख विनीत कौशल, मुख्य प्रवर्तक अभिषेक, गाजियाबाद विभाग प्रचारक अतुल, विभाग कार्यवाह देवेन्द्र सहित संघ के कई पदाधिकारी एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।


