Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

गाजियाबाद में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, अवैध रूप से संचालित दो मदरसे सील, छात्रों के वैकल्पिक प्रवेश की तैयारी

गाजियाबाद में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, अवैध रूप से संचालित दो मदरसे सील, छात्रों के वैकल्पिक प्रवेश की तैयारी

गाजियाबाद: मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में जनपद गाजियाबाद में अवैध कब्जों, बिना अनुमति संचालित संस्थानों तथा अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस और प्रशासन लगातार अभियान चला रहे हैं। इसी क्रम में खोड़ा क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई करते हुए पुलिस-प्रशासन ने अवैध रूप से संचालित दो मदरसों को सील कर दिया। कार्रवाई पुलिस कमिश्नर जे. रविन्द्र गौड़ और जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ के निर्देशन में की गई।

प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मदरसा रहमानिया अरेबिया कासिम-उल-उलूम (लोकप्रिय विहार, खोड़ा गांव) तथा सुल्तान अलारफीन मदरसा (मोहल्ला बीरबल, ग्राम खोड़ा) जांच के दौरान बिना मान्यता एवं आवश्यक अनुमतियों के संचालित पाए गए। वक्फ निरीक्षक, नगर पालिका परिषद खोड़ा-मकनपुर के अधिशासी अधिकारी और नायब तहसीलदार सदर की संयुक्त रिपोर्ट में यह सामने आया कि दोनों संस्थान जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग में पंजीकृत नहीं थे और इनके संचालन के लिए आवश्यक स्वीकृतियां भी नहीं ली गई थीं।

जांच में यह भी पाया गया कि संबंधित संस्थाओं की सोसायटी का वैध एवं सक्रिय पंजीकरण प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं था। इसके अलावा अग्निशमन विभाग और विद्युत सुरक्षा विभाग से अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) भी प्रस्तुत नहीं किए गए, जिससे सुरक्षा संबंधी चिंताएं सामने आईं।

इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी, पुलिस आयुक्त, उपजिलाधिकारी सदर और अन्य संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में दोनों मदरसों को सील कर दिया गया। संबंधित प्रबंधन को एक सप्ताह के भीतर जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब न मिलने पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की ओर से क्षेत्र में मुनादी भी कराई गई।

कार्रवाई के दौरान पुलिस और प्रशासन ने इलाके में फ्लैग मार्च भी किया। साथ ही क्षेत्र से संबंधित 14 हिस्ट्रीशीटरों के घर-घर जाकर सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की गई।

पुलिस कमिश्नर जे. रविन्द्र गौड़ ने कहा कि जनपद में अपराध और अवैध गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बढ़ावा नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप अपराधमुक्त वातावरण बनाने के लिए जीरो टॉलरेंस नीति के तहत प्रभावी कार्रवाई जारी है और आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने स्पष्ट किया कि अवैध कारोबार, अवैध कब्जों, बिना अनुमति संस्थानों के संचालन और कमजोर वर्गों के उत्पीड़न जैसी गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनहित, जनसुविधा और जनसुरक्षा के लिए शासन-प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि सील किए गए मदरसों में अध्ययनरत बच्चों की शिक्षा प्रभावित न हो, इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा उनके वैकल्पिक विद्यालयों में प्रवेश सुनिश्चित कराया जाएगा।

इसके बाद जिलाधिकारी ने स्वर्गीय सूर्या चौहान के परिजनों से मुलाकात कर पूर्व में दिए गए आश्वासन के अनुरूप नगर पालिका खोड़ा में परिवार के एक सदस्य को नियुक्ति पत्र सौंपा। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में शासन-प्रशासन उनके साथ खड़ा है और भविष्य में भी हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

author

Related Articles

error: Content is protected !!