गाजियाबाद: उत्तरांचल सांस्कृतिक भ्रातृ समिति, रामपार्क विस्तार, लोनी गाजियाबाद (उ.प्र.) की जनरल बॉडी बैठक समाज की एकता, संगठन की मजबूती और जनहित के मुद्दों को केंद्र में रखकर आयोजित की गई। एफ ब्लॉक स्थित प्रचार सचिव नीरज चौधरी के निवास पर संपन्न हुई इस बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ सदस्य जगत सिंह भण्डारी ने की।
बैठक में संगठन के विस्तार, सामाजिक सहभागिता और मातृ शक्ति की भूमिका को और सशक्त बनाने पर विशेष चर्चा की गई। इसी क्रम में समिति ने सर्वसम्मति से संगीता भट्ट को महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी। इस निर्णय का उपस्थित सदस्यों ने स्वागत करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में सकारात्मक कदम बताया।
समिति अध्यक्ष जयेंद्र नेगी ने नवनियुक्त महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समिति हमेशा से मातृ शक्ति के सम्मान, उत्थान और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि संगीता भट्ट के नेतृत्व में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी और संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी।
अपने संबोधन में संगीता भट्ट ने समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह संगठन द्वारा दिए गए दायित्व का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगी तथा समाजहित में निरंतर कार्य करेंगी।
बैठक में आरडब्ल्यूए पंजीकृत एसोसिएशन इलायचीपुर के महासचिव लवलेश गुप्ता और सुनील चौहान ने भी अपने विचार साझा किए तथा सामाजिक एकता को मजबूत करने पर जोर दिया। वहीं महेंद्र सिंह गौसाई और सुरेश तिवारी द्वारा प्रस्तुत गढ़वाली गीतों ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग घोलते हुए उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रचार सचिव नीरज चौधरी द्वारा जलपान की व्यवस्था की गई, जिसके लिए समिति ने उनका आभार व्यक्त किया। अंत में अध्यक्षता कर रहे जगत सिंह भण्डारी ने सभी सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बैठक के समापन की घोषणा की।


