Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

कुशीनगर में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार कार ने ली तीन युवकों की जान, सीएम योगी ने लिया मामले का संज्ञान

कुशीनगर में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार कार ने ली तीन युवकों की जान, सीएम योगी ने लिया मामले का संज्ञान

कुशीनगर: नेशनल हाईवे-28 पर रविवार तड़के एक भीषण सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। हाटा नगर पालिका क्षेत्र में रायल मैरिज हॉल के सामने सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में पीछे से तेज़ रफ्तार कार घुस गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

मिली जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह लगभग 3 बजे कार संख्या यूपी 57 सीबी 4945 तेज गति से हाटा की ओर आ रही थी। इसी दौरान सड़क पर खड़े ट्रेलर पीबी 65 बीडी 8886 से कार टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार युवकों को बाहर निकालने में काफ़ी मशक्कत करनी पड़ी।

हादसे में नीतीश, अमन और हरीश की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। तीनों मृतक हाटा नगर पालिका क्षेत्र के अहिरौली तुलादास के निवासी बताए जा रहे हैं। वहीं चार अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। घायलों को एनएचएआई की एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया गया तथा चिकित्सकों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हादसे का संज्ञान लिया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही पीड़ित परिवारों को हर संभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

author

Related Articles

error: Content is protected !!