Hindi Express News
  • 02/03/2026
  • Last Update 01/03/2026 8:01 pm
  • Lucknow

ट्रोनिका सिटी की गारमेंट फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 150 मजदूर बाल-बाल बचे, सुरक्षा पर उठे सवाल

ट्रोनिका सिटी की गारमेंट फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 150 मजदूर बाल-बाल बचे, सुरक्षा पर उठे सवाल

गाजियाबाद: जनपद के ट्रोनिका सिटी औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर A-1 में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक गारमेंट फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना उस समय हुई, जब फैक्ट्री के भीतर बड़ी मात्रा में तैयार गारमेंट्स का स्टॉक रखा हुआ था और करीब 100 से 150 मजदूर काम में जुटे हुए थे।

आग की लपटें उठती देख फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूरों में दहशत फैल गई। हालांकि सतर्कता दिखाते हुए सभी मजदूरों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने में काफी समय लगा, लेकिन समय रहते नियंत्रण पाने से बड़ा हादसा टल गया।

गौरतलब है कि ट्रोनिका सिटी औद्योगिक क्षेत्र में एक सप्ताह के भीतर आग लगने की यह दूसरी घटना है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा इंतजामों की पोल खोलकर रख दी है। स्थानीय लोगों और श्रमिक संगठनों का आरोप है कि कई फैक्ट्रियां बिना आवश्यक अग्नि सुरक्षा मानकों को पूरा किए ही संचालित की जा रही हैं। वहीं, अग्निशमन विभाग द्वारा समय-समय पर निरीक्षण न किए जाने की भी चर्चा जोरों पर है।

अभी गर्मी का मौसम पूरी तरह शुरू भी नहीं हुआ है, इसके बावजूद आग की घटनाओं में इजाफा होना चिंता का विषय है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि समय रहते फैक्ट्रियों में फायर सेफ्टी ऑडिट, वायरिंग की जांच और आपातकालीन व्यवस्थाओं को दुरुस्त नहीं किया गया, तो भविष्य में बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।

author

Related Articles

error: Content is protected !!