Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

एक झपकी और तीन ट्रकों की जोरदार भिडंत, कुशीनगर हाईवे पर थमी रफ़्तार, घंटों जाम में फंसे रहे वाहन

एक झपकी और तीन ट्रकों की जोरदार भिडंत, कुशीनगर हाईवे पर थमी रफ़्तार, घंटों जाम में फंसे रहे वाहन

कुशीनगर: पटहेरवा थाना क्षेत्र के लबनिया गांव के पास स्थित नेशनल हाईवे-28 पर गुरुवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सुबह करीब 4 बजे घने कोहरे और ट्रक चालक को झपकी आने के कारण तेज रफ्तार 3 ट्रक आपस में भिड़ गए। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर मारने वाले ट्रक का चालक केबिन में ही बुरी तरह फंस गया। गनीमत यह रहा कि इस दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई, हालांकि एक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवे पर तेज गति से चल रहे एक ट्रक के चालक को अचानक झपकी आ गई, जिससे उसका ट्रक आगे चल रहे ट्रक में जा घुसा। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अन्य ट्रक ने भी दूसरे ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। कुछ ही क्षणों में तीनों ट्रक एक-दूसरे से टकरा गए और हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी, जिससे चालक समय रहते वाहन नियंत्रित नहीं कर पाए।

हादसे की सूचना मिलते ही पटहेरवा थाना प्रभारी धीरेन्द्र कुमार राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टक्कर मारने वाले ट्रक का चालक केबिन में फंसा हुआ था और बाहर निकलने में असमर्थ था। पुलिस ने तत्काल क्रेन मंगवाकर काफी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला और तुरंत एम्बुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल भेजवाया।

घायल चालक की पहचान सद्दाम के रूप में हुई है। हादसे में उसका एक पैर जांघ के नीचे से गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया है। वहीं ट्रक में मौजूद सह चालक की हालत भी नाजुक बताई जा रही है। दोनों का इलाज डॉक्टरों की निगरानी में जारी है। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक कानपुर देहात से दाल लादकर बिहार की तरफ जा रहा था।

इस दुर्घटना के कारण नेशनल हाईवे-28 का एक लेन पूरी तरह बंद हो गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। घंटों तक यातायात प्रभावित रहा और यात्रियों को भारी परेशानीयों का सामना करना पड़ा। पुलिस टीम और हाईवे प्रबंधन के कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त ट्रकों को हटवाकर कड़ी मेहनत के बाद यातायात व्यवस्था को धीरे-धीरे सामान्य कराया गया।

author

Related Articles

error: Content is protected !!