Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

Rampur: तेज रफ्तार ट्रैक्टर की लापरवाही से मच गया हड़कंप, बिजली का पोल टूटते ही मकान पर गिरी हाईटेंशन लाइन

Rampur: तेज रफ्तार ट्रैक्टर की लापरवाही से मच गया हड़कंप, बिजली का पोल टूटते ही मकान पर गिरी हाईटेंशन लाइन

रामपुर: स्वार तहसील के मिलक खानम क्षेत्र स्थित महूनागर गांव में बुधवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बिजली का पोल टूट गया, जिसके बाद 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन सीधे एक मकान की नई डाली गई छत पर आ गिरी। घटना से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिवार के लोग दहशत में आ गए।

पीड़ित दिलीप सिंह सैनी के मुताबिक उन्होंने एक दिन पहले ही अपने मकान की छत पर लिंटर डलवाया था। बुधवार शाम करीब छह बजे गांव निवासी शिफ्ते पुत्र मोहम्मद जान कथित रूप से तेज गति से ट्रैक्टर चला रहा था। आरोप है कि ट्रैक्टर बिजली के पोल से टकरा गया, जिससे पोल टूट गया और हाईटेंशन लाइन मकान के ऊपर गिर गई।

गनीमत रही कि उस समय परिवार का कोई सदस्य छत पर मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था। बिजली के तार गिरने से छत का लिंटर क्षतिग्रस्त हो गया और मकान को भारी नुकसान पहुंचा। पीड़ित परिवार ने लगभग तीन लाख रुपये की क्षति होने का दावा किया है।

घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। लोगों में हादसे को लेकर नाराजगी देखी गई। परिजनों का आरोप है कि दुर्घटना के बाद आरोपी ने माफी मांगने के बजाय अभद्र व्यवहार किया।

सूचना मिलने पर बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल विद्युत आपूर्ति बंद कर क्षेत्र को सुरक्षित किया। विभागीय अधिकारियों ने क्षति का आकलन भी किया।

बिजली विभाग के अवर अभियंता ओम प्रकाश पटेल ने बताया कि दुर्घटना में सरकारी विद्युत संपत्ति के साथ-साथ निजी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा है। जिम्मेदार व्यक्ति से नुकसान की भरपाई कराई जाएगी। ऐसा नहीं करने पर उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस मामले में मिलक खानम थाना प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

वहीं दूसरी तरफ इस घटना पर गांव के लोगों का कहना है कि समय रहते बिजली आपूर्ति बंद न की जाती तो यह हादसा कई लोगों की जान ले सकता था। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में भय और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

error: Content is protected !!