Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

महराजगंज में बाढ़ से निपटने की तैयारी तेज, डीएम ने तटबंधों का लिया जायजा

महराजगंज में बाढ़ से निपटने की तैयारी तेज, डीएम ने तटबंधों का लिया जायजा

महराजगंज: मानसून और संभावित बाढ़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने सिंचाई खंड द्वितीय के अंतर्गत रोहिन नदी के बाएं तट पर स्थित अनंतपुर-बड़हरा तटबंध एवं जर्दी-डोमरा तटबंध का निरीक्षण कर बाढ़ सुरक्षा कार्यों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कटाव रोधी कार्यों का बारीकी से अवलोकन किया। मौके पर मौजूद सहायक अभियंता ने जानकारी दी कि तटबंधों को मजबूत बनाने के लिए जिओ ट्यूब और जिओ बैग के माध्यम से स्लोप पिचिंग का कार्य तेजी से कराया जा रहा है, जिससे नदी के कटाव को रोका जा सके और तटबंध सुरक्षित बने रहें।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी बाढ़ सुरक्षा कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में किसी प्रकार की लापरवाही भारी नुकसान का कारण बन सकती है, इसलिए हर स्तर पर सतर्कता जरूरी है।

तटबंधों पर किए जा रहे सुरक्षा इंतजामों पर संतोष जताते हुए जिलाधिकारी ने सहायक अभियंता को निर्देशित किया कि बाढ़ काल के दौरान सभी संबंधित कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही नियमित निरीक्षण एवं निगरानी करते हुए तटबंधों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए।

उन्होंने बाढ़ चौकियों और आश्रय स्थलों को पूरी तरह सक्रिय रखने के भी निर्देश दिए, ताकि आपदा की स्थिति में प्रभावित लोगों को तत्काल राहत और सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराया जा सके। जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि बाढ़ सुरक्षा कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हिंदी एक्सप्रेस न्यूज़ उत्तर प्रदेश पर विशेष फ़ोकस के साथ चलने वाला एक विश्वसनीय डिजिटल समाचार मंच है। जो स्पष्ट व निष्पक्ष खबरों के लिए सदैव तत्पर रहता है। जनपद हो, प्रदेश हो या देश-विदेश, सच्ची खबरों को देखने के लिए हमारे साथ लगातार जुड़े रहिए।

Related Articles

error: Content is protected !!