Hindi Express News
  • June 14, 2026
  • Last Update June 14, 2026 9:06 PM
  • Lucknow

आखिर क्यों मोदी सरकार के 12 वर्षों को बताया जा रहा ऐतिहासिक? जानिए रामपुर के प्रभारी मंत्री ने क्या कहा

आखिर क्यों मोदी सरकार के 12 वर्षों को बताया जा रहा ऐतिहासिक? जानिए रामपुर के प्रभारी मंत्री ने क्या कहा

रामपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं रामपुर के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने बीते वर्षों को देश के लिए परिवर्तनकारी दौर बताया। उन्होंने कहा कि इन 12 वर्षों में भारत ने गरीब कल्याण, आधारभूत संरचना, राष्ट्रीय सुरक्षा, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘अंत्योदय’ के विचार को केंद्र में रखते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन और मुफ्त राशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि सरकार ने सिर्फ विकास कार्यों तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि दशकों से लंबित राष्ट्रीय मुद्दों का समाधान भी किया। उन्होंने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने को ऐतिहासिक फैसला बताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में विकास और लोकतंत्र को मजबूती मिली है।

अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना और गौरव का सम्मान भी है। उन्होंने कहा कि नया भारत अपनी विरासत पर गर्व करना सीख चुका है।

महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर मंत्री ने कहा कि तीन तलाक जैसी कुप्रथा को समाप्त कर मुस्लिम महिलाओं को न्याय, सम्मान और समान अधिकार प्रदान किए गए हैं। इसे उन्होंने सामाजिक परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

राष्ट्रीय सुरक्षा के विषय में उन्होंने कहा कि आज भारत किसी भी चुनौती का सामना करने में सक्षम है। सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक जैसे कदमों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि नया भारत अब अपनी संप्रभुता और सुरक्षा के मुद्दे पर कठोर निर्णय लेने से पीछे नहीं हटता।

उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में सड़क, रेलवे, मेट्रो, एयरपोर्ट, मेडिकल कॉलेज, एम्स संस्थानों और डिजिटल कनेक्टिविटी के विस्तार ने देश के विकास को नई गति दी है। गांवों और शहरों के बीच विकास की खाई कम हुई है और भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से उभरती अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने अपनी सांस्कृतिक धरोहर और राष्ट्रीय पहचान को भी सशक्त किया है। नई संसद भवन, कर्तव्य पथ, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक और ‘हर घर तिरंगा’ जैसे अभियानों ने देश में राष्ट्रभावना को नई ऊर्जा दी है।

उन्होंने कहा कि भारत आज वैश्विक मंच पर नेतृत्वकारी भूमिका निभा रहा है। जी-20 की सफल अध्यक्षता, बढ़ते विदेशी निवेश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की मजबूत कूटनीतिक उपस्थिति इसका प्रमाण हैं।

प्रेस वार्ता के अंत में मंत्री ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की ओर मजबूती से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास और सहयोग देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में निर्णायक भूमिका निभाएगा।

इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष हरीश गंगवार, राजा वर्मा, ख्याली राम लोधी, राजबाला, हरि सिंह ढिल्लों, घनश्याम सिंह लोधी, सूर्य प्रकाश पाल, सुनीता सिंह सैनी सहित पार्टी पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

error: Content is protected !!