गाजियाबाद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में गाजियाबाद के विकास भवन सभागार में जिला प्रशासन द्वारा उद्यमी परिचय बैठक एवं मीडिया संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने की। कार्यक्रम में जिले के उद्यमियों, व्यापारियों, अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार के बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की रही है। इसी सोच के साथ कृषि, उद्योग और व्यापार को मजबूती देने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था में सुधार के कारण उद्योग जगत का विश्वास मजबूत हुआ है। बेहतर सुरक्षा व्यवस्था और निवेश अनुकूल माहौल के चलते प्रदेश के विभिन्न जनपदों में उद्योगों का तेजी से विस्तार हुआ है। इससे न केवल व्यापार को नई दिशा मिली है बल्कि रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि हुई है।
मंत्री ने कहा कि एनसीआर क्षेत्र में सड़क, रेल और हवाई संपर्क की उत्कृष्ट सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे उद्योगों को बेहतर परिवहन व्यवस्था का लाभ मिल रहा है। साथ ही, विद्युत आपूर्ति, सुरक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया गया है, जिससे उद्यमियों को उद्योग स्थापित करने और विस्तार करने में आसानी हो रही है। उन्होंने उद्यमियों से देश की आर्थिक उन्नति में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान भी किया।
बैठक में मौजूद उद्यमियों और व्यापारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि पिछले वर्षों में उद्योग और व्यापार क्षेत्र को सरकार और प्रशासन का निरंतर सहयोग मिला है। कानून-व्यवस्था बेहतर होने से व्यापारी वर्ग अधिक सुरक्षित महसूस कर रहा है तथा प्रदेश में निवेश का वातावरण मजबूत हुआ है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भी सहायता प्रदान की गई। एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) टूल किट एवं प्रशिक्षण योजना के लाभार्थियों को टूल किट वितरित की गई, जबकि विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के लाभार्थियों को भी सहायता सामग्री एवं ऋण स्वीकृति पत्र सौंपे गए।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्षा ममता त्यागी, महापौर सुनीता दयाल, विधायक डॉ. मंजू सिवाच, संजीव शर्मा, अजीत पाल त्यागी सहित जिला प्रशासन, पुलिस, जीएसटी विभाग के अधिकारी, व्यापारी, उद्यमी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन के बाद प्रभारी मंत्री ने मीडिया प्रतिनिधियों को भी सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं पर विस्तार से जानकारी दी।


