Hindi Express News
  • 02/03/2026
  • Last Update 01/03/2026 8:01 pm
  • Lucknow

खेलते-खेलते मौत के मुंह में समाई दो साल की मासूम, सीसीटीवी में कैद हुआ खौफनाक मंजर, शिकारपुर में मचा कोहराम

खेलते-खेलते मौत के मुंह में समाई दो साल की मासूम, सीसीटीवी में कैद हुआ खौफनाक मंजर, शिकारपुर में मचा कोहराम

बुलंदशहर: शिकारपुर नगर के मोहल्ला गंज सादात में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर के बाहर खेल रही दो वर्षीय मासूम बच्ची जोया की खुले नाले में गिरने से मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे मोहल्ले में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।

जोया (फाइल फोटो)

जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 12 बजे जोया अपने घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान वह पास में बने खुले नाले के पास पहुंच गई और असंतुलित होकर उसमें गिर गई। उस समय परिवार के अन्य सदस्य घरेलू कामों में व्यस्त थे, जिससे किसी को तुरंत इस घटना की जानकारी नहीं हो सकी।

काफी देर तक बच्ची के दिखाई न देने पर परिजन घबरा गए और उसकी तलाश शुरू की। मोहल्ले के आसपास और नगर के अन्य इलाकों में खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई, जिसमें जोया के नाले में गिरने की घटना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

फुटेज सामने आने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से बच्ची को नाले से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

घटना के बाद मोहल्लेवासियों और परिजनों ने नगर पालिका प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। लोगों का कहना है कि यह नाला लंबे समय से खुला पड़ा था और इसे ढकने की मांग कई बार की गई थी, लेकिन नगर पालिका ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। लोगों का यह भी कहना है कि यदि समय रहते नाले को ढक दिया गया होता, तो मासूम की जान बच सकती थी।

सूचना मिलने पर नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची, जहां लोगों ने विरोध दर्ज कराया। इस संबंध में नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी नीतू सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी और संबंधित नाले को शीघ्र ही ढकवाया जाएगा। यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है, तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

error: Content is protected !!