रामपुर: रिजर्व पुलिस लाइन्स, जनपद रामपुर में रविवार को ‘दीक्षांत परेड समारोह 2025-26’ का भव्य एवं गरिमापूर्ण आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर 21 जुलाई 2025 से चल रहे आधारभूत प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाली 590 महिला प्रशिक्षु नागरिक पुलिस आरक्षियों ने आकर्षक और अनुशासित परेड का प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया।

समारोह की मुख्य अतिथि संयुक्त पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट लखनऊ श्रीमती अपर्णा कुमार रहीं। उन्होंने परेड की टोलियों का निरीक्षण कर सलामी ली और प्रशिक्षुओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। अपने संबोधन में उन्होंने नवप्रशिक्षित आरक्षियों को कर्तव्य के प्रति समर्पित, संवेदनशील तथा कानून के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण भी किया गया। अपने संदेश में उन्होंने पुलिस बल को आधुनिक, जनहितैषी और अपराध के प्रति सख्त रुख अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। महिला आरक्षियों ने इस प्रेरणादायक संदेश को गंभीरता से सुना और अपने कर्तव्यों के निर्वहन का संकल्प लिया।

समारोह में प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया गया। बाह्य विषयों में कैडेट संख्या 472 रेणुका रानी, आंतरिक विषयों में कैडेट संख्या 19 अंजलि चतुर्वेदी तथा सर्वांग सर्वोत्तम कैडेट के रूप में कैडेट संख्या 392 शिवानी को पुरस्कृत किया गया। परेड कमांडर के रूप में आस्था (प्रथम), शारदा पाण्डेय (द्वितीय) एवं कंचन (तृतीय) को सम्मान मिला। इसके अलावा उत्कृष्ट प्रशिक्षण देने वाले निरीक्षक हरेन्द्र सिंह सहित अन्य प्रशिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।

समारोह के अंतिम चरण में सभी महिला आरक्षियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई, जिसमें उन्होंने देश सेवा, संविधान के प्रति निष्ठा और जनसुरक्षा के लिए समर्पित रहने का संकल्प लिया। शपथ ग्रहण के पश्चात टोलियों ने अनुशासित ढंग से प्रस्थान कर समारोह को गरिमामय समापन प्रदान किया।

अंत में पुलिस अधीक्षक द्वारा मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारीगण, प्रशिक्षुओं के परिजन तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनकर गर्व महसूस किया।


