Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

महराजगंज पुलिस लाइन में भव्य पासिंग आउट परेड, 396 रिक्रूट आरक्षी बने जवान, जानिए कार्यक्रम की खास बातें

महराजगंज पुलिस लाइन में भव्य पासिंग आउट परेड, 396 रिक्रूट आरक्षी बने जवान, जानिए कार्यक्रम की खास बातें

महराजगंज: रिजर्व पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले रिक्रूट पुरुष आरक्षियों की पासिंग आउट (दीक्षांत) परेड गरिमामय माहौल में सम्पन्न हुई। इस अवसर पर कुल 396 रिक्रूट आरक्षियों ने देश की एकता, अखंडता एवं संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ लेते हुए पुलिस सेवा में अपने नए दायित्वों की शुरुआत की।

396 रिक्रूट आरक्षी बने जवान

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा रहे। उनके आगमन पर पुलिस अधीक्षक द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया तथा प्रतिसार निरीक्षक ने बैच लगाकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि ने परेड की सलामी लेने के साथ ही रिक्रूट्स के अनुशासन, उत्कृष्ट टर्न-आउट, सटीक कदमताल और समन्वय का सूक्ष्म निरीक्षण किया तथा इसे उच्च स्तरीय प्रशिक्षण का परिणाम बताया।

रिक्रूट्स को संबोधित करते एसपी

दीक्षांत समारोह के दौरान विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट आरक्षियों को सम्मानित किया गया। अन्तः विषय में रजनीश पाण्डेय और वाह्य विषय में विपिन पाण्डेय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं रजनीश पाण्डेय ने 1500 में से 1247 अंक हासिल कर सर्वांग सर्वोत्तम रिक्रूट का खिताब अपने नाम किया। इसके अतिरिक्त शारीरिक प्रशिक्षण, शस्त्र प्रशिक्षण, फील्ड क्राफ्ट, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, योगासन तथा आतंकवाद/डकैती निरोधक अभ्यास में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अन्य रिक्रूट्स को भी पुरस्कृत किया गया।

परेड कमांडर के रूप में विशाल सिंह (प्रथम), विपिन पाण्डेय (द्वितीय) और संदेश प्रकाश (तृतीय) ने जिम्मेदारी निभाई।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने रिक्रूट्स को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए कौशल, अनुशासन और विधिक ज्ञान को व्यवहारिक जीवन में अपनाना आवश्यक है। उन्होंने पीड़ित केंद्रित पुलिसिंग पर बल देते हुए आमजन के प्रति संवेदनशीलता बनाए रखने की अपील की। साथ ही बताया गया कि रिक्रूट्स को साइबर अपराध एवं आधुनिक तकनीक से संबंधित विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया है।

कार्यक्रम के अंत में सभी नवप्रशिक्षित आरक्षियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी, प्रशिक्षण स्टाफ तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

हिंदी एक्सप्रेस न्यूज़ उत्तर प्रदेश पर विशेष फ़ोकस के साथ चलने वाला एक विश्वसनीय डिजिटल समाचार मंच है। जो स्पष्ट व निष्पक्ष खबरों के लिए सदैव तत्पर रहता है। जनपद हो, प्रदेश हो या देश-विदेश, सच्ची खबरों को देखने के लिए हमारे साथ लगातार जुड़े रहिए।

Related Articles

error: Content is protected !!