Hindi Express News
  • July 15, 2026
  • Last Update July 14, 2026 10:20 PM
  • Lucknow

Maharajganj: पानी टंकी निर्माण में घोटाले का आरोप, ग्रामीणों का उग्र प्रदर्शन, जांच न होने पर धरना की चेतावनी

Maharajganj: पानी टंकी निर्माण में घोटाले का आरोप, ग्रामीणों का उग्र प्रदर्शन, जांच न होने पर धरना की चेतावनी

महराजगंज: नौतनवा ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत अहिरौली में जल जीवन मिशन के तहत बन रही पानी की टंकी के बाउंड्रीवॉल निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं से आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और कार्यदायी संस्था व ठेकेदार के खिलाफ जमकर नाराजगी जाहिर की।

ग्रामीणों का आरोप है कि बाउंड्रीवॉल निर्माण में गुणवत्ता के मानकों का खुला उल्लंघन किया जा रहा है। दीवार में निम्नस्तरीय ईंटों का इस्तेमाल किया जा रहा है, वहीं सीमेंट की मात्रा भी बेहद कम रखी जा रही है। इसके चलते निर्माण की मजबूती पर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि दीवार की जुड़ाई और प्लास्टर इतना कमजोर है कि यह थोड़े समय में ही ढह सकता है, जिससे भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

मौके पर मौजूद ग्रामीण शैलेश यादव, शाहरूख खान, सुग्रीव, दीपू पासवान, विनायक यादव, गगन गुप्ता, अंकित, त्रिलोकी साहनी, उमेश कुमार, मुन्ना समेत अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार द्वारा सरकारी मानकों को नजरअंदाज कर जल्दबाजी में कार्य कराया जा रहा है। उनका कहना है कि यदि यही स्थिति रही, तो बाउंड्रीवॉल पहली बारिश भी नहीं झेल पाएगी।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि उच्चाधिकारियों की टीम भेजकर निर्माण सामग्री और कार्य की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए मानकों के अनुरूप दोबारा निर्माण सुनिश्चित किया जाए, ताकि सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ आम जनता को सुरक्षित रूप से मिल सके।

इस पूरे मामले पर ग्रामीणों ने सख्त चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस धांधलेबाजी की जांच कर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो वे धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

author

Related Articles

error: Content is protected !!