Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

नौतनवा में आधार सेंटर बना विवाद का केंद्र, ऑपरेटर की मनमानी के खिलाफ सड़क पर उतरे सैकड़ों लोग, जानिए पूरा मामला

नौतनवा में आधार सेंटर बना विवाद का केंद्र, ऑपरेटर की मनमानी के खिलाफ सड़क पर उतरे सैकड़ों लोग, जानिए पूरा मामला

महराजगंज: नौतनवा ब्लॉक मुख्यालय स्थित आधार सेंटर पर सोमवार को अव्यवस्था और कथित बदसलूकी के चलते भारी हंगामा हो गया। ऑपरेटर के दुर्व्यवहार से नाराज सैकड़ों ग्रामीणों ने नौतनवा-ठूठीबारी मुख्य मार्ग पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।

ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले करीब 15 दिनों से चल रहे आधार पंजीकरण कार्य में पारदर्शिता की कमी है और सेवा के नाम पर खुलेआम अवैध वसूली की जा रही है। लोगों का कहना है कि पैसे देने वालों का काम प्राथमिकता से किया जाता है, जबकि गरीब और असहाय लोगों के साथ दुर्व्यवहार किया जाता है।

जानिए पूरा मामला

सोमवार सुबह स्कूलों में नामांकन के लिए आधार कार्ड अनिवार्य होने के कारण ब्लॉक परिसर में भारी भीड़ जुटी थी। विभिन्न गांवों से आए अभिभावक अपने बच्चों के साथ घंटों लाइन में लगे रहे। इसी बीच करीब 11 बजे पहुंचे कंप्यूटर ऑपरेटर ने भीड़ को संभालने के बजाय कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया और “सर्वर फेल” का हवाला देकर काम बंद कर दिया। इससे लोगों का आक्रोश भड़क उठा और उन्होंने सड़क पर उतरकर जाम लगा दिया।

प्रदर्शन में श्यामकाट निवासी दीपक यादव, सेवतरी के सुनील यादव, संजय चौधरी, अमीरून निशा और ममता सहित सैकड़ों ग्रामीण शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए ऑपरेटर पर मनमानी और वसूली के गंभीर आरोप लगाए।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। नायब तहसीलदार सौरभ कुमार श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता कर उन्हें शांत कराया। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया और आवागमन सामान्य हो सका।

नायब तहसीलदार ने खंड विकास अधिकारी अमित कुमार मिश्रा को निर्देशित किया कि आधार सेंटर का संचालन पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से कराया जाए तथा अवैध वसूली की शिकायतों पर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

author

Related Articles

error: Content is protected !!