Hindi Express News
  • July 15, 2026
  • Last Update July 14, 2026 10:20 PM
  • Lucknow

तरया सुजान में खेला गया रोमांचक महिला फुटबॉल फाइनल, देवरिया को हराकर रांची बनी चैंपियन

तरया सुजान में खेला गया रोमांचक महिला फुटबॉल फाइनल, देवरिया को हराकर रांची बनी चैंपियन

कुशीनगर: जनपद के सेवरही विकासखंड अंतर्गत ग्राम सभा तरया सुजान स्थित नेहरू इंटर कॉलेज के खेल मैदान में शनिवार, 10 जनवरी को आयोजित रामराज ऑल इंडिया महिला फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला खेल प्रेमियों के लिए यादगार बन गया। कड़ाके की ठंड के बावजूद मैदान में उत्साह और जोश चरम पर रहा।

वन-डे फाइनल मुकाबला महिला एकेडमी फुटबॉल क्लब रांची और एमपीआईसी क्लब देवरिया के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाया। मैच के पहले हाफ में रांची की टीम ने बेहतरीन तालमेल और तेज़ पासिंग का प्रदर्शन करते हुए पहला गोल दागकर बढ़त हासिल कर ली।

दूसरे हाफ में देवरिया की टीम ने शानदार वापसी की और एक सटीक गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। बराबरी के बाद मैच और भी रोमांचक हो गया। दर्शकों की सांसें थम सी गईं और मैदान तालियों व हूटरों की गूंज से भर उठा।

निर्णायक क्षणों में रांची की महिला खिलाड़ियों ने संयम और अनुभव का परिचय देते हुए अंतिम समय में दूसरा गोल कर दिया। इस गोल ने मुकाबले का रुख बदल दिया और रांची की टीम ने 2-1 से जीत दर्ज कर चैंपियन ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

फाइनल मैच की मुख्य अतिथि खातून रेहाना ग्रुप ऑफ कंपनी (मिडिल ईस्ट व सिंगापुर) की प्रेसिडेंट एवं इंजीनियर रहीं। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया, फीता काटकर मैच का उद्घाटन किया और उपस्थित खिलाड़ियों व दर्शकों के साथ राष्ट्रगान में भाग लेकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रताप राय एवं आयोजक अंशु तिवारी ने सफल आयोजन के लिए सभी सहयोगियों और खेल प्रेमियों का आभार जताया।

इस अवसर पर प्रमोद ओझा, हरिकेश रावत, वसीम सर, संतोष मिश्रा, राजेश सिंह, अशोक केडी, मुकेश गोड, अमर शर्मा, संतु ओझा, अमित तिवारी, कृष्ण वर्मा, सहाबुद्दीन, अंजन तिवारी सहित बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।

author

Related Articles

error: Content is protected !!