Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

Bulandshahr: अराजक तत्वों ने तोड़ी डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा, प्रशासन ने संभाला मोर्चा, गांव में शांति कायम

Bulandshahr: अराजक तत्वों ने तोड़ी डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा, प्रशासन ने संभाला मोर्चा, गांव में शांति कायम

बुलंदशहर: नरौरा थाना क्षेत्र के ग्राम बेलौन स्थित अंबेडकर पार्क में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को अज्ञात अराजक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना से गांव में तनाव का माहौल बन गया। बताया गया कि रात्रि के समय असामाजिक तत्वों ने प्रतिमा की उंगली और चश्मा तोड़ दिया तथा सिर पर ईंट मारकर उसे खंडित कर दिया। सुबह पार्क पहुंचे ग्रामीणों ने जब प्रतिमा को क्षतिग्रस्त देखा तो यह खबर तेजी से फैल गई और बाबा साहब के अनुयायी बड़ी संख्या में पार्क में एकत्र हो गए।

क्षतिग्रस्त प्रतिमा

घटना की सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी डिबाई मनीष कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रखर पांडे और नरौरा थाना प्रभारी गंगा प्रसाद आर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों और अंबेडकर अनुयायियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और भरोसा दिलाया कि अंबेडकर पार्क में शीघ्र ही नई प्रतिमा स्थापित की जाएगी। प्रशासन के इस आश्वासन के बाद स्थिति नियंत्रण में आ सकी।

पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रखर पांडे ने कहा कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं उपजिलाधिकारी ने नई प्रतिमा स्थापना की जिम्मेदारी ग्राम प्रधान को सौंपी। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पार्क में तीन सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की घोषणा की गई।

घटना के बाद गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रशासन के त्वरित हस्तक्षेप से ग्रामीणों और बाबा साहब के अनुयायियों में संतोष का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

error: Content is protected !!