गाजियाबाद: लोनी क्षेत्र में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान में गंभीर अनियमितताओं का आरोप सामने आया है। इसके बाद लोनी से भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
विधायक ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के कुछ सभासद जनसुविधा केंद्र संचालकों के साथ मिलकर SIR प्रक्रिया को अवैधानिक तरीके से प्रभावित कर रहे हैं।

उनका कहना है कि विशेष तौर पर अल्पसंख्यक बाहुल्य बूथों पर फर्जी आधार कार्ड बनवाकर या पुराने दस्तावेजों में गलत पता दर्ज कराकर मतदाता सूची में नाम जोड़वाए जा रहे हैं।
गुर्जर ने यह भी कहा कि विधानसभा क्षेत्र से बाहर जा चुके लोगों के नाम फिर से दर्ज कराए जा रहे हैं तथा कुछ BLO को मिलाकर SIR फॉर्म भरवाने का खेल चल रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इन गतिविधियों के जरिए संदिग्ध बांग्लादेशी और रोहिंग्या व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने की कोशिश हो रही है, जो क्षेत्र की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है।
विधायक ने मांग की कि इस अवैधानिक कार्य में शामिल सभासदों, जनसुविधा केंद्र संचालकों और संबंधित कर्मचारियों पर एनएसए (NSA) के तहत कार्रवाई की जाए। साथ ही सभी SIR फॉर्म का भौतिक सत्यापन अनिवार्य किए जाने और SIR प्रक्रिया पूरी होने तक लोनी के जनसुविधा केंद्रों को अस्थायी रूप से बंद करने की भी सिफारिश की है।


