गाजियाबाद: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 08 दिसंबर को गाजियाबाद आगमन पर मेरठ मंडल के जनप्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। नेहरू नगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित इस बैठक का उद्देश्य SIR अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्रगति की समीक्षा था।
बैठक में भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र सिसोदिया के साथ मंडल के सभी जनपद गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बागपत, बुलंदशहर एवं मुजफ्फरनगर के सांसद, विधायक, महापौर, विधान परिषद सदस्य, जिलाध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, पंचायत प्रतिनिधि और सभी स्तर के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने SIR अभियान को “लोकतंत्र का बूस्टर डोज़” बताते हुए कहा कि यह केवल मतदाता सूची पुनरीक्षण नहीं, बल्कि व्यापक राजनीतिक जनसंपर्क और संगठन सुदृढ़ीकरण का महाअभियान है। उन्होंने बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने, सूक्ष्म समन्वय एवं परिणामकेंद्रित कार्यशैली अपनाने पर बल दिया।
इस दौरान महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने मुख्यमंत्री का गाजियाबाद में बैठक आयोजित करने के लिए आभार जताया और कहा कि संगठन पूरी निष्ठा से SIR अभियान को 100 प्रतिशत सफलता की ओर ले जाएगा। क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र सिसोदिया ने भी मुख्यमंत्री के नेतृत्व को ऊर्जा का स्रोत बताते हुए जनप्रतिनिधियों की सहभागिता के लिए धन्यवाद दिया।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों के सुझावों, क्षेत्रीय अनुभवों और भविष्य की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने सतत संवाद, निगरानी, जनजागरूकता और टीम भावना को अभियान की सफलता की कुंजी बताया।
कार्यक्रम का समापन सभी जनप्रतिनिधियों द्वारा SIR अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी बनाने और लोकतांत्रिक सहभागिता बढ़ाने के संकल्प के साथ किया गया।


