Hindi Express News
  • July 15, 2026
  • Last Update July 14, 2026 10:20 PM
  • Lucknow

बेटियों की उड़ान से गौरवान्वित हुआ दलसिंगार इंटर कॉलेज, मेधावी छात्राओं को सम्मानित कर बढ़ाया उत्साह

बेटियों की उड़ान से गौरवान्वित हुआ दलसिंगार इंटर कॉलेज, मेधावी छात्राओं को सम्मानित कर बढ़ाया उत्साह

महराजगंज: पनियरा क्षेत्र के दलसिंगार इंटर कॉलेज में मंगलवार को प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में जनपद की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाली चार मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा ने छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

सम्मानित छात्र

अपने संबोधन में डीआईओएस ने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा देने का सबसे प्रभावी साधन है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालय की छात्राओं द्वारा जिले की मेरिट सूची में स्थान बनाना अत्यंत गौरव की बात है और यह अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बनेगा।

उन्होंने बताया कि हाईस्कूल परीक्षा में विजय लक्ष्मी ने जनपद में पहला स्थान, रितिका सिंह ने पांचवां तथा अमंतिका ने सातवां स्थान प्राप्त किया। वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा में सरस्वती ने जिले में छठवां स्थान हासिल कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

डीआईओएस ने विद्यालय की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि एक ही विद्यालय के 38 विद्यार्थियों द्वारा 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करना बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह विद्यालय मेधावी छात्रों के लिए पहचान बनेगा।

उन्होंने बेटियों की शिक्षा पर विशेष बल देते हुए कहा कि जब एक बेटी शिक्षित होती है तो पूरा परिवार और आने वाली पीढ़ियां शिक्षित होती हैं। कार्यक्रम से पूर्व उन्होंने मेधावी छात्राओं के साथ पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक रामचंद्र यादव, प्रधानाचार्य गुलाबचंद, मुक्तिनाथ, रामसिंह, रामचंद्रन वर्मा, उमेश यादव, अनिल कुमार, बृजेश्वर, करूणेश प्रताप, बालकेश, धनश्याम, संजय गौड़, सहदेव, पवन कुमार, रविंद्र कुमार, सतीश सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

हिंदी एक्सप्रेस न्यूज़ उत्तर प्रदेश पर विशेष फ़ोकस के साथ चलने वाला एक विश्वसनीय डिजिटल समाचार मंच है। जो स्पष्ट व निष्पक्ष खबरों के लिए सदैव तत्पर रहता है। जनपद हो, प्रदेश हो या देश-विदेश, सच्ची खबरों को देखने के लिए हमारे साथ लगातार जुड़े रहिए।

Related Articles

error: Content is protected !!