गाजियाबाद: महात्मा गांधी सभागार, कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ की अध्यक्षता में जनपद के सभी नगरीय निकायों की विकास योजनाओं और वित्तीय प्रगति को लेकर व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर पालिका परिषद लोनी, मोदीनगर, खोड़ा–मक्कनपुर, मुरादनगर तथा नगर पंचायत डासना, फरीदनगर, पतला और निवाड़ी के अधिशासी अधिकारी एवं अध्यक्ष उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान निकायों ने अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे और प्रस्तावित कार्यों का प्रस्तुतीकरण किया। प्रमुख रूप से पेयजल आपूर्ति को मजबूत करना, सड़क निर्माण व मरम्मत, जल संरक्षण, स्ट्रीट लाइटिंग, शैक्षिक संस्थानों का निर्माण व सौन्दर्यीकरण, कस्तूरबा गांधी विद्यालय सहित अन्य विद्यालयों में आवश्यक निर्माण, पार्कों का विकास, सामुदायिक शौचालय, कूड़ा निस्तारण, नालों का निर्माण और स्वच्छता व्यवस्था जैसे जनहितकारी विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने बदलते मौसम को देखते हुए मच्छरजनित रोगों और संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए सभी निकायों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन निकायों के पास फॉगिंग मशीन या आवश्यक उपकरण उपलब्ध नहीं हैं, वे तत्काल खरीद प्रस्ताव प्रस्तुत करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
इसके साथ ही आवारा पशुओं की समस्या के समाधान हेतु जहां आवश्यकता हो वहां एबीसी (एनिमल बर्थ कंट्रोल) सेंटर की स्थापना को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता अनिवार्य है, ताकि आम नागरिकों को वास्तविक लाभ मिल सके और शासन की मंशा के अनुरूप शहरी विकास को गति दी जा सके।


