लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का पर्यटन अब सिर्फ ऐतिहासिक या धार्मिक स्थलों तक सीमित नहीं रहा। यह अब महिला सुरक्षा, सुशासन और सामाजिक जागरूकता का प्रभावी माध्यम बन गया है। इसी कड़ी में राजधानी लखनऊ में ‘लखनऊ दर्शन’ इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस सेवा शुरू की गई है।
महिला सुरक्षा का संदेश
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने 6 जनवरी को इस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस यात्रा की शुरुआत 1090 चौराहे से की गई, जो महिला सुरक्षा का प्रतीक बन चुका है। सरकार की यह रणनीति पर्यटकों को यह संदेश देती है कि उत्तर प्रदेश में विकास के साथ महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
प्रदूषण-मुक्त और आकर्षक यात्रा
उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) द्वारा संचालित यह इलेक्ट्रिक बस सेवा पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक शहरी पर्यटन पर आधारित है। दो सफल मॉक ड्रिल के बाद बस अब नियमित रूप से सुबह 08:30 से 11:30 और शाम 4:00 से 7:00 बजे तक यात्रियों को शहर का दौरा कराएगी।
यात्रा का मार्ग और आकर्षण
सुबह की यात्रा में बस 1090 चौराहा → राजभवन → जीपीओ → हजरतगंज → बेगम हजरत महल पार्क → छतर मंजिल → रेजीडेंसी → विधान सभा भवन → यूपी दर्शन पार्क → अंबेडकर पार्क → गोमती रिवर फ्रंट → 1090 चौराहा तक जाएगी। शाम की यात्रा के दौरान रेजीडेंसी का लाइट एंड साउंड शो मुख्य आकर्षण होगा।
विरासत और सुशासन का संतुलन
‘लखनऊ दर्शन’ न केवल शहर की ऐतिहासिक विरासत को नए अंदाज में पेश करेगी, बल्कि सुरक्षित यात्रा, महिला सुरक्षा और सुशासन का संदेश भी प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाएगी। यह सेवा उत्तर प्रदेश में पर्यटन को समाज और पर्यावरण के साथ जोड़ने का एक आधुनिक उदाहरण बन गई है।


