Hindi Express News
  • July 15, 2026
  • Last Update July 14, 2026 10:20 PM
  • Lucknow

एसएसओ पद पर तैनात पूर्व सैनिकों ने वेतन भुगतान की मांग को लेकर किया हंगामा, जहांगीराबाद विद्युत डिवीजन में मचा हड़कंप

एसएसओ पद पर तैनात पूर्व सैनिकों ने वेतन भुगतान की मांग को लेकर किया हंगामा, जहांगीराबाद विद्युत डिवीजन में मचा हड़कंप

बुलंदशहर: जहांगीराबाद विद्युत डिवीजन में तैनात पूर्व सैनिक कर्मचारियों का सब्र मंगलवार को जवाब दे गया। पिछले चार महीनों से वेतन न मिलने से नाराज़ कर्मचारियों ने विभागीय कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और अपनी पीड़ा सार्वजनिक रूप से रखी।

एसएसओ के पद पर कार्यरत इन पूर्व सैनिकों का कहना है कि वे नियमित रूप से ड्यूटी निभा रहे हैं, इसके बावजूद अक्टूबर माह से उनका वेतन लंबित है। लगातार वेतन न मिलने से उनके घरों में आर्थिक संकट गहरा गया है। बच्चों की पढ़ाई, दवाइयों और रोजमर्रा के खर्च पूरे करना मुश्किल होता जा रहा है।

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने बताया कि वे अपने निगम के सुपरवाइजर के नेतृत्व में अधिशासी अभियंता से मिलने विद्युत डिवीजन पहुंचे थे, ताकि वेतन भुगतान से जुड़ी समस्या का समाधान कराया जा सके। लेकिन अधिशासी अभियंता के कार्यालय में मौजूद न होने से कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने विरोध दर्ज कराया।

पूर्व सैनिक कर्मचारियों ने विभाग पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि अन्य डिवीजनों में तैनात कर्मचारियों को समय पर वेतन मिल चुका है, जबकि केवल जहांगीराबाद डिवीजन में कार्यरत कर्मचारियों को ही वेतन से वंचित रखा गया है। उनका कहना है कि यह उनके साथ किया जा रहा मानसिक और आर्थिक शोषण है।

कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया गया, तो वे मजबूरन आंदोलन को और तेज करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विभागीय अधिकारियों की होगी।

Related Articles

error: Content is protected !!