महराजगंज: पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर अटेवा (अध्यापक कर्मचारी अधिकारी पुरानी पेंशन बहाली मंच) ने पनियरा ब्लॉक स्तर पर संगठन का विस्तार किया और आगामी आंदोलन की रणनीति तय की। क्षेत्र पंचायत सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में संगठन के जिला अध्यक्ष टी.पी. सिंह ने कहा कि “ओपीएस हमारा हक है, इसे दिलाकर रहेंगे। युवाओं का पसीना कभी बेकार नहीं जाता, इतिहास इसका गवाह है।”
बैठक में 25 नवम्बर को दिल्ली में प्रस्तावित ‘अटेवा दिल्ली चलो’ धरना-प्रदर्शन को ऐतिहासिक बनाने की रूपरेखा पर चर्चा हुई। जिलाध्यक्ष टी.पी. सिंह ने कहा कि शिक्षक-कर्मचारियों का संघर्ष कोई बेड़ियां रोक नहीं सकतीं। वहीं जिलामंत्री शिवशरण सिंह ने ओपीएस को बुढ़ापे का सहारा बताते हुए आंदोलन में पूरी ताकत लगाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक संरक्षक राजेश्वर प्रजापति ने और संचालन प्रणव द्विवेदी ने किया। मुख्य अतिथि ने सरस्वती प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत एवं माल्यार्पण किया गया।
ब्लॉक स्तर पर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों में अध्यक्ष मो. अय्यूब अंसारी, महामंत्री राकेश यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पाल, उपाध्यक्ष डॉ. फूलचंद यादव, संगठन मंत्री दीपक कश्यप व सुनील कुमार, संयुक्त मंत्री विकास त्रिपाठी व रमानंद वर्मा, प्रवक्ता अवनीश उपाध्याय, मीडिया प्रभारी ज्ञानुर सिंह, कोषाध्यक्ष संजीव कुमार, प्रचार मंत्री नन्हकू प्रजापति, ऑडिटर विजय कुमार आदि शामिल रहे।


