Hindi Express News
  • 02/03/2026
  • Last Update 01/03/2026 8:01 pm
  • Lucknow

गाजियाबाद में एसआईआर अभियान पूरा, मतदाता सूची से 8.18 लाख नाम हटे, जानिए कहां हुई सबसे अधिक कटौती

गाजियाबाद में एसआईआर अभियान पूरा, मतदाता सूची से 8.18 लाख नाम हटे, जानिए कहां हुई सबसे अधिक कटौती

गाजियाबाद: जनपद में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चलाए गए विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इस अभियान के तहत जिले की पांच विधानसभा क्षेत्रों में कुल 28,37,991 मतदाताओं का सत्यापन किया गया, जिसमें 8,18,362 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। यह कार्रवाई मृतक, स्थानांतरित, अनुपस्थित एवं डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान के बाद की गई है।

जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से शनिवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार, 27 दिसंबर तक मतदाता सूची के डिजिटाइजेशन का 71.17 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया गया है। रिपोर्ट में बताया गया है कि जिले में एसआईआर सर्वे का कार्य अब पूर्ण हो चुका है।

आंकड़ों के अनुसार, साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची से सबसे अधिक नाम हटाए गए हैं। यहां 10 लाख से अधिक पंजीकृत मतदाताओं में से लगभग चार लाख मतदाताओं (38.32 प्रतिशत) के नाम कटे हैं। वहीं, मोदीनगर विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम नाम हटाए गए हैं, जहां कुल 3,34,765 मतदाताओं में से 51,781 मतदाताओं के नाम एसआईआर सर्वे के बाद सूची से बाहर किए गए हैं।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी सौरव भट्ट ने बताया कि एसआईआर अभियान के दौरान केवल उन्हीं मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं जो मृत पाए गए, स्थायी रूप से अन्यत्र स्थानांतरित हो चुके थे अथवा जिनके नाम डुप्लीकेट पाए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह प्रक्रिया मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है।

उन्होंने जानकारी दी कि 31 दिसंबर को अंतरिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद नागरिकों को दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर मिलेगा, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि को समय रहते सुधारा जा सके।

इसके साथ ही, 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी पात्र युवा नागरिक, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे वोटर हेल्पलाइन ऐप या भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in पर जाकर फॉर्म-6 के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑफलाइन आवेदन के लिए इच्छुक नागरिक फॉर्म-6 एवं घोषणा पत्र भरकर संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के पास जमा कर सकते हैं।

जिला निर्वाचन प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अंतरिम सूची का अवलोकन अवश्य करें और यदि कोई त्रुटि हो तो निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका निराकरण कराएं।

author

Related Articles

error: Content is protected !!